Saturday, April 25, 2026
Homeबीकानेरडॉक्टर की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन, गैरइरादतन हत्या की धारा जोड़ी

डॉक्टर की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन, गैरइरादतन हत्या की धारा जोड़ी

AdAdAdAdAdAdAd
सुशील सुथार मृत्यु मामले में पीबीएम अस्पताल के मॉर्चरी के आगे धरने पर बैठे लोग।
सुशील सुथार मृत्यु मामले में पीबीएम अस्पताल के मॉर्चरी के आगे धरने पर बैठे लोग।

बीकानेर (अभय इंडिया न्यूज)। मरूधरा नगर की बिन्नाणी हॉस्पीटल में सुशीला सुथार की मृत्यु के मामले में आरोपी डॉ. स्वाति बिन्नाणी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को मृतका के परिजनों और अन्य लोगों ने पीबीएम अस्पताल के मुर्दाघर के आगे प्रदर्शन किया। बाद में एडीएम शैलेन्द्र देवड़ा, सदर वृत्ताधिकारी राजेन्द्र सिंह मौके पर पहुंच गए। उनके आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी माने।

अधिकारियों ने मृतका के परिजनों को भरोसा दिलाया कि कार्यवाही के तहत बिन्नाणी होस्पीटल का रिकॉर्ड सीज कर समूचे मामले की गंभीरता से जांच की जायेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर गैरइरादतन हत्या की धारा ३०४ए जोड़ दी गई है तथा जांच में श्रीमति सुशीला की मौत के कारणों का खुलासा होने के बाद डॉ. स्वाति बिन्नाणी के दोषी पाये जाने पर उनकी गिरफ्तारी की जायेगी। मोर्चरी के बाहर धरना देने वालों में वरिष्ठ कांग्रेस हनुमान चौधरी, देहात कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्र सेन गहलोत, नारायण सिंह चारण, लोक जनशक्ति पार्टी जिलाध्यक्ष रमजान मुगल, समाजसेवी गितेश जांगिड़, श्रीविश्वकर्मा सुथार समाज के भागीरथ मांडण, पूर्व पार्षद मेघराज सुथार, शिव शंकर बरड़वा, मदन मोहन बरड़वा, पन्नालाल नागल, दुलीचंद सुथार, भंवरलाल माकड़, दुलचासर पूर्व सरपंच राधाकिसन नागल सहित बड़ी तादाद में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल थे।

एक पखवाड़ा तक रही कोमा में

मामले के अनुसार बिन्नाणी हॉस्पीटल में पिछले पखवाड़े प्रसव के लिये भर्ती हुई जेगला निवासी मांगीलाल सुथार की २५ वर्षीय विवाहिता सुशीला सुथार को सिजेरियन डिलिवरी से पहले बेहोशी के लिये एनेस्थिसिया की हाईडोज दे दिया था, इससे डीप कौमा में गई सुशीला को ईलाज के लिये जयपुर के फोर्टिस हॉस्पीटल भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने के लिये पखवाड़े भर तक मशक्कत की लेकिन वो सफल नहीं रहे। सोमवार देर अपरान्ह परिजन मृतका सुशीला का शव लेकर बीकानेर आ गये जहां व्यास कॉलोनी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये पीबीएम हॉस्पीटल की मोर्चरी में रखवा दिया और सोमवार सुबह मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है।

यह है मामला

थाना प्रभारी ने बताया इस मामले को लेकर गत २१ मई को कि गांव जेगला हाल जयनारायण व्यास कॉलोनी निवासी बजरंगलाल सुथार ने लिखित रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि उसके भाई मांगीलाल की पत्नी सुशीला को 16 मई को बिन्नाणी अस्पताल में प्रसव के लिए लाए थे, जहां डॉ. स्वाति बिन्नाणी ने मरीज का ऑपरेशन करने की बात कही। कुछ समय बाद ऑपरेशन से लड़का पैदा हुआ, लेकिन उसकी भाभी को ऑपरेशन थियेटर से बाहर नहीं निकाला गया। जब इसका कारण पूछा तो डॉक्टर स्वाति बिन्नाणी ने कहा कि मरीज ऑब्जर्वेशन में है, ऑपरेशन हो गया है चिंता की कोई बात नहीं। कुछ समय बाद डॉक्टर ने गलती मानते हुए कहा कि मरीज को ज्यादा एनेस्थिसिया दे दिया था, जांच करने वाले डॉक्टरों के आते ही सब ठीक हो जाएगा। इसके बाद चिकित्सक ने मरीज को फोर्टिस रेफर कर दिया।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!