









कोलकाताAbhayindia.com पश्चिमी बंगाल में तीसरी बार मुख्यमंत्री बनी ममता बनर्जी की सरकार के मंत्रीमंडल में शामिल हुए 43 मंत्रियों ने सोमवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। वहीं अमित मित्र, ब्रात्य बसु सहित कई विधायकों ने वीसी के माध्यम से ही शपथ ली।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी खुद समारोह में मौजूद रही। राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने सभी कैबिनेट मंत्रियों, स्वतंत्र प्रभार सहित राज्य मंत्रियों को शपथ दिलवाई। कोविड-19 को लेकर जारी सभी सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए राजभवन में आयोजित यह शपथ ग्रहण समारोह महज 6 मिनट का ही रहा।
सभी मंत्रियों ने एक साथ ही शपथ ली…
मुख्यमंत्री ने अपने पास गृह, स्वास्थ्य, पर्वतीय मामले, उत्तर बंगाल, भूमि, भूमि संस्कार, सूचना व संस्कृति का विभाग रखा है, तो वहीं अमित मित्र फिर से वित्त मंत्री बनाए गऐ हंै । इसके अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता पार्थ चटर्जी को संसदीय कार्य, शिल्प-वाणिज्य, सुब्रत मुखर्जी को पंचायत, सुजीत बोस को दमकल व आपातकालीन सेवा, साधन पांडे को क्रेता सुरक्षा, ब्रात्य बसु को शिक्षा, फिरहाद हकीम को परिवहन एवं आवासन, अरूप विश्वास को क्रीड़ा, ज्योतिप्रिय मल्लिक को वन, मलय घटक को कानून, बंकिम हाजरा को सुन्दरवन मामले, सोमेन महापात्र को सिंचाई, शोभन चटोपाध्याय को कृषि, मानस भुइयां को जलसम्पद, उज्ज्वल विश्वास को कारावास विभाग, अरूप विश्वास को विद्युत, रथीन घोष को खाद्य, डा. शशि पांजा को नारी सुरक्षा तथा चंद्रिमा भट्टाचार्य को नगर उन्नयन विभाग का मंत्री बनाया गया है।
पश्चिम बंगाल में तृणमूल सरकार के इस नएमंत्री मंडल की घोषणा के साथ ही दूसरी तरफ भाजपा नेता शुभेन्दु अधिकारी को बंगाल विधानसभा में नेता-प्रतिपक्ष चुना गया है।
पांजा के मंत्री बनने पर खुशी…
रामदेव बाल मंडल के संस्थापक जेठमल रंगा ने श्यामपुकुर क्षेत्र की विधायक डॉ.शशि पांजा को मंत्री मंडल में दोबारा शामिल किए जाने पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा में हमेशा तत्पर रहने वाले कर्मठ लोगों को मंत्री मंडल में शामिल कर मुख्यमंत्री ने एक बार फिर जनता का ख्याल रखा है।
रिपोर्ट: कोलकाता ब्यूरो चीफ सच्चिदानंद पारीक





