





बीकानेर Abhayindia.com पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने और स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही को लेकर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्त्ताओं ने आज मेडिकल कॉलेज के आगे विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।इस बीच, बीकानेर पहुंचे चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने एसपी मेडिकल कॉलेज में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुरेंद्र वर्मा, पीबीएम अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया और सभी विभागों के विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
इधर, अस्पताल की अव्यवस्थाओं और प्रसूताओं के मौत मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यूथ कांग्रेस के नेतृत्व में शहर में एक विशाल रैली निकाली और पीबीएम अस्पताल के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। जैसे ही कार्यकर्ताओं को चिकित्सा मंत्री के आने की सूचना मिली, उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर में घुसने का प्रयास किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात था। जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई और माहौल बिगड़ने लगा, तो पुलिस ने लाठियां भांजकर और धक्के देकर प्रदर्शनकारियों को वहां से खदेड़ दिया।






