








बीकानेर Abhayindia.com अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से जिलाध्यक्ष चयन के लिए संगठन नव सृजन अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए संगठनात्मक चुनाव पर्यवेक्षक राजेश लिलोठिया बीकानेर में डटे हुए है। वे जिलाध्यक्ष पद के दावेदारों से वन-टू-वन मुलाकात कर रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस के युवा नेता अरुण व्यास ने भी जिलाध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी मजबूती से पेश की। दावेदारी के लिए अपने समर्थकों के साथ पहुंचे व्यास ने पर्यवेक्षक के समक्ष 5000 फोटो व मीडिया रिपोर्ट्स सहित करीब 40 फोल्डर अपनी दावेदारी के समर्थन में पेश किए।
आपको बता दें कि जिलाध्यक्ष पद के लिए अरुण व्यास सहित, अरविंद मिड्ढा, मकसूद अहमद, हारून राठौड, मनोज चौधरी, अनिल कल्ला, मगन पाणेचा, आनंद सिंह सोढा, गजेन्द्र सिंह सांखला, राहुल जादुसंगत भी दावेदार हैं।
इधर, कांग्रेस में संगठनात्मक चुनाव पर्यवेक्षक राजेश लिलोठिया ने कहा है पार्टी में फिलहाल जिला स्तर पर परिवर्तन किया जा रहा है, बाद में राज्य स्तर पर भी बदलाव की तैयारी है। कांग्रेस पार्टी युवाओं को अधिक मौका देगी। इसके साथ साथ ही जातिगत अनुपात व महिला आरक्षण का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी पार्टी में जिला स्तर पर संगठनों को सक्रिय करने का काम चल रहा है। योग्य और सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके बाद पार्टी में ग्राम पंचायत स्तर पर भी परिवर्तन होंगे और ये काम राज्य तक जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की आवाज को बुलंद किया जाएगा और उनकी मेहनत को संगठन के शीर्ष स्तर तक पहुँचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर और देहात अध्यक्ष के लिए 30 के करीब नामांकन आए हैं। इनमें से 6 के पैनल तैयार कर आगे लीडरशिप के समक्ष रखा जाएगा। नए अध्यक्ष की घोषणा में करीब एक महीना लग जाएगा। सभी नामों पर केन्द्रीय नेतृत्व विचार करेगी। जो अध्यक्ष नहीं बन सकेंगे, उन्हें निराश नहीं होना है। पार्टी में एक ही अध्यक्ष होता है लेकिन अन्य संगठनों में भी प्रतिनिधित्व दिया जा सकता है।


