बीकानेर Abhayindia.com जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, नगर वृत्त बीकानेर द्वारा राजस्व वसूली के लिए 31 अगस्त 2026 को शहर के विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। विभागीय निर्देशों के अनुसार शिविरों में उपभोक्ताओं को बकाया राशि जमा कराने के साथ-साथ विभाग, अवैध जल कनेक्शनों का नियमानुसार नियमितीकरण, उपभोक्ताओं के बिलों में आवश्यक दुरुस्तीकरण, जिन उपभोक्ताओं को बिल प्राप्त नहीं हो रहे हैं उन्हें नवीन/डुप्लीकेट बिल जारी करने तथा बकाया राशि की वसूली जैसी कार्यवाहियां की जाएगी। इसके साथ ही शिविर में ऑनलाइन मोबाइल एवं फोन के माध्यम से बिल जमा कराने के लिए उपभोक्ताओं को जागरूक किया जाएगा।
विभाग द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित इन शिविरों में संबंधित उपखण्डों के अधिकारियों एवं कर्मचारी भाग लेंगे। शिविर पुलिस क्वार्टर करनी नगर, जेल-वेल ऑफिस, सियाराम गुफा मंदिर, लक्ष्मीनाथ जी टंकी, सेक्टर-2 एमपी कॉलोनी ऑफिस कैम्पस, सहायक अभियंता ऑफिस नया शहर थाना, खिलाड़ी चौक डागा गेस्ट हाउस के पास, रेलवे स्टेशन के पास, सुभाष पुरा टंकी, शिवबाड़ी पंप हाउस तथा रानी बाजार हैडक्वार्टर सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे।
अधीक्षण अभियंता जालेंद्र कुमार चारण ने सभी सहायक अभियंताओं को निर्देश दिए कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, अधिकाधिक उपभोक्ताओं को शिविर में उपस्थित होकर बकाया राशि जमा कराने के लिए प्रेरित किया जाए साथ ही शिविरों के आयोजन एवं राजस्व वसूली की प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा निर्देशों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
















