








बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर में आयोजित हो रहे शहरी सेवा शिविर महज औपचारिकता पूरी करते नजर आ रहे हैं। सेवा शिविर को लेकर आमजन कोई खास उत्साह देखने को नहीं मिल रहा है। इसके पीछे हालांकि कई कारण बताए जा रहे हैं। बहरहाल, मुरलीधर व्यास कॉलोनी के अग्निशमन केन्द्र में आयोजित सेवा शिविर की शुक्रवार को रंगत फीकी रही। यहां अधिकांश कुर्सियां खाली नजर आ रही थी। शिविर में आमजन की उपस्थिति भी कम थी।
शिविर में मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि शिविर में कहने को तो विभिन्न विभागों के कर्मचारी व अधिकारी तैनात किए गए है लेकिन हकीकत में कई विभागों के कर्मचारी नदारद रहते है। बीडीए के काउंटर पर महज दो कर्मचारी नजर आए। उनके पास खांचा भूमि व अन्य कार्यवाही के लिए फॉर्म ही उपलब्ध नहीं थे। इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि बीडीए के कार्यालय के छह नंबर रूम में उक्त फॉर्म मिलेंगे। इस पर लोगों ने कहा कि यहां फॉर्म ही उपलब्ध नहीं है तो शिविर का क्या मतलब रहा। इसी तरह नगर निगम के काउंटर पर सीवरेज की समस्या को लेकर जब कर्मचारी से बात की गई तो वे बगले झांकने लगे। लोगों ने कहा कि मुरलीधर व्यास कॉलोनी, करमीसर में सीवरेज का काम ठप पडा है। कनेक्शन नहीं हो रहे, गंदा पानी आम रास्तों पर पसरा है। कनेक्शन कब होंगे, जिन्होंने अवैध कनेक्शन किए है उन पर क्या कार्रवाई होगी, इस पर कोई जवाब देने को तैयार नहीं था। लोगों का कहना था कि सेवा शिविर की अच्छी तरह से मॉनिटरिंग होनी चाहिए तथा सीट से नदारद कर्मचारियों व अधिकारियों को पाबंद किया जाना चाहिए तभी सही अर्थों में इसकी सार्थकता सिद्ध हो सकेगी।
आपको बता दें कि बीते रविवार को ही जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने ग्रामीण सेवा शिविर और शहरी सेवा शिविर को लेकर संबंधित विभागों के जिला और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। जिला कलेक्टर ने सभी एसडीएम को इन शिविरों की मॉनिटरिंग अच्छे से करने, डेटा क्रॉस करने और डेटा अपलोड खुद की देखरेख में करने के निर्देश दिए। बैठक में बिना सूचना दिए अनुपस्थित रहे वन और आयोजना विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
सेवा शिविर में होने वाले काम...
प्रशासन का दावा है कि ‘‘शहरी सेवा शिविर-2025’’ के तहत आमजन से प्राप्त विभिन्न समस्याओं का एक ही स्थान पर समाधान किया जा रहा है। अभियान के तहत साफ-सफाई, स्ट्रीट लाईट रिपेयर व नई लाईट लगाना, टूटे फेरोकवर व क्रॉस सही कराना, ब्लैक स्पॉट सही करवाना, पेच वर्क, सार्वजनिक पार्कों की साफ-सफाई, सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई व रिपेयर, सीवरेज कनेक्शन व रिपेयर, कार्यालय में पेन्डिंग पत्रावलियों का निस्तारण, विभिन्न प्रकार के पट्टे (स्टेट ग्राण्ट, कच्ची बस्ती 69ए, कृषि भूमि), भू-उपयोग परिवर्तन, खांचा भूमि, नामान्तरण, भवन निर्माण मंजूरी, ट्रेड लाईसेन्स, फायर एनओसी, स्ट्रीट वेण्डर रजिस्ट्रेशन, उप-विभाजन-एकीकरण, लीज़ मुक्ति प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री स्व-निधि योजना/प्रधानमंत्री स्व-निधि योजना के तहत आवेदन, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन, एसबीएम 2.0 के अन्तर्गत घरेलू शौचालय निर्माण के लिए आवेदन से संबंधित आदि कार्य किए जा रहे हैं।


