Saturday, May 16, 2026
Hometrendingसरकार के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने के गंभीर आरोप में शिक्षक निलंबित

सरकार के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने के गंभीर आरोप में शिक्षक निलंबित

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com सोशल मीडिया और यूट्यूब पर शिक्षा विभाग और राज्य सरकार के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने के गंभीर आरोप में राजसमंद जिले में कार्यरत शिक्षक कैलाश चंद सामोता को निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय), प्राथमिक शिक्षा राजसमंद ने आदेश जारी कर सामोता को तत्काल प्रभाव से सेवा से निलंबित करने के निर्देश दिए। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, पंचायत समिति देलवाड़ा निर्धारित किया गया है।

जानकारी के अनुसार कैलाश चंद सामोता राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय धुकल सिंह जी का खेड़ा पंचायत समिति आमेट में गणित/विज्ञान विषय के अध्यापक लेवल-2 के पद पर कार्यरत थे। सामोता पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया और यूट्यूब पर शिक्षा विभाग और राज्य सरकार के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिए। यही नहीं, उन्होंने उच्च अधिकारियों पर झूठे और गंभीर आरोप लगाए तथा राजनीतिक दलों का समर्थन भी किया। आदेश में यह भी उल्लेख है कि सामोता ने बिश्नोई समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां कीं, जिससे जातीय वैमनस्य फैलने की आशंका बनी। मनोज विश्नोई नामक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सामोता ने अपने यूट्यूब चैनल पर समाज के खिलाफ गलत वीडियो और फोटो साझा कर समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाई।

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को भेजी गई शिकायतों में यह आरोप भी लगाया गया कि सामोता कई बार सहकर्मियों से झगड़ते और दुर्व्यवहार करते रहे हैं। प्रोबेशन काल में अनुचित लाभ उठाकर वेतन लेने, विद्यालय का माहौल बिगाड़ने, स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आवाज उठाने और समाचार पत्रों में प्रदर्शन की खबरें छपवाने जैसे मामले भी उनके खिलाफ सामने आए। इन सभी आरोपों के आधार पर सामोता के खिलाफ सीसीए-16 के तहत जांच प्रस्तावित की गई है। विभागीय कार्रवाई राजस्थान सिविल सेवा नियम 1958 के नियम 13 (एक) के अंतर्गत की गई है।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!