बीकानेर Abhayindia.com सुशीला केशव सेवा संस्थान में संस्थान के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. केशव दत्त शर्मा की प्रथम पुण्यतिथि पर हवन, मूर्ति अनावरण और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रज्ञानम् परिवार के साथ सुशीला केशव सेवा संस्थान के सभी सदस्य और सिंथेसिस परिवार ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में स्वर्गीय डॉ. शर्मा के पुत्र मनोज शर्मा, पुत्री शोभा शर्मा, रोहित शर्मा, दीप्ति शर्मा तथा समस्त परिवारजन सहित प्रज्ञानम् के 11वीं व 12वीं के छात्र‑छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी ने संकल्प लिया कि डॉ. शर्मा के स्वप्न के अनुरूप प्रज्ञानम् सुचारु रूप से चलता रहे और छात्र पूर्ण लगन व मेहनत से अध्ययन करें।
सिंथेसिस के डायरेक्टर मनोज बजाज ने विद्यार्थियों को उपलब्ध अध्ययन‑सुविधाओं की जानकारी देते हुए यह भी बताया कि वे अपना समय पढ़ाई के लिए किस प्रकार विभाजित करें और बैकलॉग कैसे दूर करें। मनोज शर्मा और रोहित शर्मा ने सफलता के तीन सूत्र समझाकर बच्चों को प्रेरित किया।
सुशीला केशव सेवा संस्थान के सदस्य डॉ. अजय कपूर ने अपने आत्मविश्वास को सुदृढ़ बनाने के सरल तरीके बताए तथा विद्यार्थियों को समझाया कि आधुनिक एआई तकनीक शिक्षा क्षेत्र में किस प्रकार उपयोगी सिद्ध हो रही है। कार्यक्रम के अंत में संस्थान एवं परिवार द्वारा सभी छात्र‑छात्राओं को रजिस्टर और पेन वितरित किए गए। अंत में प्रज्ञानम् की डायरेक्टर एकता गोस्वामी ने पुण्यात्मा डॉ. केशव दत्त शर्मा को स्मरण करते हुए मौन रखकर सभी के साथ मिलकर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।













