








जयपुर Abhayindia.com नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल से शुरू करने की तैयारी के बीच माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने महज 24 दिनों में 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम जारी कर नया इतिहास रच दिया है। बोर्ड के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब राजस्थान बोर्ड का रिजल्ट मार्च माह में ही घोषित किया गया है।
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर ने 24 मार्च को 10वीं कक्षा का परिणाम जारी किया, जबकि परीक्षाएं 28 फरवरी को समाप्त हुई थीं। यानी केवल 23–24 दिनों के भीतर परिणाम घोषित कर बोर्ड ने देश में सबसे तेजी से परिणाम जारी करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ अजमेर बोर्ड ने बिहार बोर्ड के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है, जो अब तक सबसे पहले परिणाम जारी करने के लिए जाना जाता था।
इससे पहले बोर्ड आमतौर पर मई के अंतिम सप्ताह से जून के मध्य तक परिणाम जारी करता था। इतना ही नहीं, यह पहली बार है जब 10वीं का परिणाम 12वीं से पहले घोषित किया गया है। परंपरागत रूप से पहले 12वीं और उसके 15–20 दिन बाद 10वीं का परिणाम जारी होता था, लेकिन इस बार इस क्रम को भी बदल दिया गया है। अब 12वीं के परिणाम भी जल्द घोषित होने की संभावना जताई जा रही है।
इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा के लिए राज्यभर में 10.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षाएं 12 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक आयोजित की गई थीं। इस बार कुल परिणाम 94.23 प्रतिशत रहा। प्रदर्शन के मामले में छात्राएं एक बार फिर आगे रहीं। छात्राओं का परिणाम 94.20 प्रतिशत जबकि छात्रों का परिणाम 93.63 प्रतिशत दर्ज किया गया।


