






जयपुर Abhayindia.com प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से जैसलमेर, नागौर, कुचामन-डीडवाना और जालोर सहित कई जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई है। मौसम में आए इस बदलाव से हालांकि मौसम खुशगवार हो गया है लेकिन इसने किसानों चिंता बढ़ा दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, 3 अप्रैल को बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा व उदयपुर संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन के साथ तेज आंधी व बारिश होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओले गिरने की भी आशंका है। इसी तरह 4 अप्रैल को उदयपुर, अजमेर, कोटा, जयपुर, भरतपुर व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में तेज आंधी, बारिश व कहीं-कहीं ओले गिरने की प्रबल आशंका है।
विभाग के अनुसार, पांच व छह अप्रैल को आंधी व बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी होने तथा सात अप्रैल को एक और नया मजबूत विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश के कुछ भागों में पुन: तेज आंधी व बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना है। विभाग के अनुसार, प्रदेश में एक के बाद एक, बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। इसके प्रभाव से अरब सागर से आने वाली नमी के कारण राजस्थान के ऊपर बादलों का निर्माण हो रहा है, जो बारिश और आंधी का कारण बन रही है।
इधर, आंधी और बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खासतौर से श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में गुरुवार रात हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं की पकी हुई फसलें खेतों में बिछ गई हैं। कटाई के समय बेमौसम बारिश होने से फसल खराब होने की आशंका बढ़ गई है।


