






जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में हाड़कंपाने वाली सर्दी से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होने लगा है। मोसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद उत्तरी हवाओं का दबाव बढ़ गया है और पहाड़ी इलाकों से चलने वाली सर्द हवाओं के कारण लगातार कड़ाके की ठंड पड़ रही है। विभाग ने आज 20 जिलों में घने कोहरे के साथ शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार, बुधवार को अलवर, बांरा, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, सवाईमाधोपुर, सीकर, टोंक, उदयपुर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले में घने कोहरे के साथ शीतलहर और शीतदिन का अलर्ट जारी किया है।
इधर, सर्दी के असर के चलते कई जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। कोटपूतली-बहरोड़, झुंझुनूं, धौलपुर, सवाईमाधोपुर में कक्षा 1 से 8 तक के लिए 7 से 10 जनवरी तक अवकाश रहेगा। इसी तरह कोटा और बाड़मेर में कक्षा 1 से 8 वीं तक 7 व 8 जनवरी तक अवकाश, भिवाड़ी में नर्सरी से कक्षा पांच तक 10 जनवरी तक अवकाश रहेगा। वहीं, कक्षा छह से 12 तक के लिए विद्यालय का संचालन सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर तीन बजे तक रहेगा।
इसी तरह भीलवाड़ा में दो पारी में संचालित सभी विद्यालयों में 7 जनवरी से 10 जनवरी तक सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे। जोधपुर में सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों का संचालन प्रातः 10.00 बजे से करने के निर्देश दिए गए है। नागौर में कक्षा 1 से 5वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 6 से 8 जनवरी तक अवकाश, झालावाड़ में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए 10 जनवरी तक अवकाश तथा बारां में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए 7 जनवरी तक अवकाश रहेगा। इसी तरह चित्तौड़गढ़ में कक्षा 1 से 8वीं तक दो दिन का अवकाश, भीलवाड़ा में आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक 8 जनवरी तक अवकाश, जयपुर में कक्षा 5वीं तक 10 जनवरी तक अवकाश, जबकि कक्षा 6 से 8 तक 8 जनवरी तक अवकाश, सीकर में कक्षा 1 से 8 तक 6 से 10 जनवरी तक अवकाश तथा कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए स्कूल समय सुबह 11 से शाम 4 बजे तक रहेगा।


