Wednesday, May 27, 2026
Hometrendingजल कनेक्‍शन देने में राजस्‍थान पिछड़ा, मंत्री ने कहा- मुझे शर्म आती...

जल कनेक्‍शन देने में राजस्‍थान पिछड़ा, मंत्री ने कहा- मुझे शर्म आती है कि…

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com राजस्थान जल कनेक्शन में देश में 29वें और काम की गति के मामले में 32वें पायदान पर जा पहुंचा है। इसे लेकर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने यहां तक कह दिया कि मुझ़े शर्म आती है कि जल जीवन मिशन मामले में राजस्थान पिछड़ गया है। मंत्री शेखावत ने गुरुवार को एक पांच सितारा होटल में प्रदेश के लोकसभा सांसदों, जलदाय मंत्री महेश जोशी और अधिकारियों के साथ जल जीवन मिशन (जेजेएम) की प्रगति की समीक्षा के दौरान यह बात कही।

बैठक में शेखावत राजस्थान में जेजेएम की धीमी रफ्तार से खफा नजर आए और विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुबोध अग्रवाल व इंजीनियरों पर नाराजगी भी जताई। बैठक खत्म होने के बाद शेखावत ने पत्रकारों से कहा कि केंद्र सरकार ने राजस्थान को जेजेएम के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जल कनेक्शन के लिए 2019 से लेकर अब तक 27 हजार करोड़ रुपए दिए, लेकिन राज्य सरकार इस बजट में से 4 हजार करोड़ रुपए ही ले सकी। इसमें से भी 3500 करोड़ रुपए ही खर्च हुए, 23 हजार करोड़ का बजट लेप्स हो गया।

उन्‍होंने कहा कि जेजेएम की प्रदेश में जो हालत है, उससे पूरे देश में राजस्थान की छवि खराब हो चुकी है। मिशन जब शुरू हुआ तब हम जल कनेक्शन के राष्ट्रीय औसत से चार प्रतिशत पीछे थे, लेकिन आज 16 प्रतिशत पीछे हैं। उन्होंने कहा कि मैं देश के कई राज्यों में जाता हूं और वहां काम की धीमी गति पर अफसरों को डांटता हूं तो अफसर कह देते हैं कि आपके राज्य में ही मिशन पिछड़ रहा है। यह सुनकर मुझे शर्म आती है कि मैं राजस्थान से हूं। उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में कागजों में ही तकनीकी स्वीकृतियां जारी कर दी गई और उसे ही जल कनेक्शन मान लिया गया।

शेखावत ने पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) को लेकर कहा कि हमने जलदाय मंत्री महेश जोशी से आग्रह किया है कि जब तक हम राजनीति नहीं छोड़ेंगे तब तक इसका समाधान नहीं होगा। इस परियोजना की संकल्पना हमारी ही सरकार के समय हुई। 13 जिलों की पेयजल और सिंचाई की समस्या के समाधान की कोशिश शुरू हुई, जहां तक राज्य की कांग्रेस सरकार के प्रयासों की बात है, तो इस परियोजना को लेकर किसी ने मुझसे दिल्ली में आकर बात नहीं की।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!