








जयपुर/कोटा Abhayindia.com अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और राजस्थान प्रभारी अजय माकन के आज कोटा जिले के दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं ने अपना दुखड़ा सुनाते हुए कहा कि सत्ता और संगठन में उनकी भागीदारी नहीं होने से उनमें उपेक्षा के भाव उपज रहे हैं। माकन के यहां पहुंचने पर हालांकि कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, लेकिन संवाद के दौरान के कई कार्यकर्त्ताओं का गुस्सा भी फूट पड़ा।
कार्यकर्त्ताओं का कहना था कि सरकार के गठन के दो साल बाद भी कार्यकर्त्ताओं की सुनवाई नहीं हो रही है। बात चाहे तबादलों की हो या राजनीतिक नियुक्तियों की, उन्हें दरकिनार किया जा रहा है। पिछली भाजपा सरकार के दौरान जो कार्यकर्त्ता फील्ड में रहे उनकी भी लगातार उपेक्षा की जा रही है। अधिकारी उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। इस पर प्रभारी माकन ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि कार्यकर्त्ताओं को सत्ता और संगठन दोनों में सक्रिय भागीदारी रहेगी।
माकन ने कहा, प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी इसी माह गठित हो जाएगी और उसके बाद जनवरी से राजनीतिक नियुक्तियां करने की प्रकिया शुरू होगी।
स्थापना दिवस से उठाएंगे आवाज…
राजस्थान प्रभारी माकन ने कहा कि कांग्रेस के स्थापना दिवस 28 दिसम्बर से किसानों की आवाज को उठाने के लिए लड़ाई को और तेज करेगी। किसानों से संवाद करेंगे। कृषि से जुड़े ये तीनों कानून न्यूनतम समर्थन मूल्य और सार्वजनिक वितरण प्रणाली पर हमला है। यह मुनाफाखोरी और जमाखोरी को बढ़ावा देगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा अनुबंध खेती का कानून लाकर जमीदारी व्यवस्था दुबारा स्थापित करने की कोशिश कर रही है। कृषि कानूनों को लेकर कांग्रेस जमीन स्तर पर जब तक आंदोलन करेगी तब कि ये तीनों विधेयक वापस नहीं लिए जाते। पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट गुट को लेकर माकन ने कहा कि पार्टी एक और सब साथ मिलकर चलेंगे।
राजस्थान : सांसद हनुमान बेनीवाल ने NDA से अलग होने का किया ऐलान


