बीकानेर Abhayindia.com भारत छोड़ों आंदोलन की वर्षगांठ पर रेल कार्मिकों ने भारतीय रेल का निजीकरण रोको आंदोलन शुरू किया है। देशव्यापी आह्वान पर रविवार को नार्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन ने उत्तर पश्चिमी रेलवे के बीकानेर मंडल में विरोध प्रदर्शन किया। कार्मिकों ने रैली निकाली, रेल मंत्रालय को ट्विटर के जरिए विरोध में संदेश भेजे।
40 स्टेशनों पर प्रदर्शन…
ऑल इंडिया रेलवे मेन्स फेडरेशन ने 9 अगस्त को पूरे भारत मे निजीकरण के विरोध में ट्विटर के माध्यम से संदेश भेजन व प्रदर्शन करने का आह्वान किया था। फैडरेशन की इकाई नार्थ वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन बीकानेर मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष अनिल व्यास के अनुसार रविवार को निजीकरण के विरोध में बीकानेर मंडल के लगभग 40 स्टेशनों पर प्रदर्शन किया गया व सुबह 9 बजे से 12 बजे के बीच हजारों रेल कर्मचारियों ने निजीकरण के खिलाफ रेल मंत्रालय को ट्वीट किया।
यहां हुए विरोध प्रदर्शन…
बीकानेर में सुबह 8 बजे लालगढ़ स्थित रेलवे वर्कशॉप के सामने कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। साथ ही रेलवे कॉलोनी में एक वाहन रैली निकाली गई दोपहर 3 बजे आरपीएफ कॉलोनी व माल गोदाम रेलवे कॉलोनी में पैदल रैली निकाली गई।
वक्ताओं ने रखे विचार…
बीकानेर के शाखा सचिव ब्रजेश ओझा ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने रेलवे के 108 रूटों पर 151 ट्रेनें निजी हाथों में देने की योजना बनाई है। इस कदम से रेले सफर के लिए कई तरह की रियायतें खत्म हो जाएगी। वर्कशॉप शाखा के सचिव दिनेश सिंह ने कहा कि भारतीय रेल देश की जीवन रेखा है इसका निजीकरण मंजूर नहीं करेंगे।
प्रदर्शन में रहे शामिल…
बीकानेर मंडल में हुए विभिन्न प्रदर्शनों में अनिल व्यास के सान्निध्य में मनोज के बिस्सा, फिरोज खान, प्रमोद यादव, प्रताप सिंह, ब्रजेश ओझा, गणेश वशिष्ठ, बलबीर सिंह ने बीकानेर में भागीदारी निभाई।
वहीं सुभाष मीना, इकबाल सिंह ने हनुमानगढ़ में प्रदर्शन किया, बहादुर सिंह,रामविनय ने सूरतगढ़ , प्रेम सैनी व हुकम सिंह ने सिरसा , नवलसिंह व शेमशेर सिंह ने चूरू, नरेंद्र भारद्वाज व होशियार सिंह ने बठिण्डा, जसविंदर सिंह व सचिदानंद ने गंगानगर व कष्णद कौशिक, शशि प्रकाश,रामसिंह व महेन्द्रं सिंह के नेतृत्व में बीकानेर मंडल की सभी शाखाओ पर प्रदर्शन किया गया।