बीकानेर abhayindia.com शहर से सटती मुरलीधर व्यास कॉलोनी आज भी विकास की राह तक रही है। कॉलोनी में समस्याओं का अम्बार लगा है।
इसके बाद भी जिम्मेवार विभाग सुध नहीं ले रहा है। कॉलोनी में इन दिनों पेयजल आपूर्ति को लेकर समस्या हो रही है। कॉलोनी के अधिकांश सेक्टरों में पानी का दबाव पर्याप्त नहीं होने से लोगों के घरों तक पूरा पानी नहीं पहुंच पा रहा है। पार्क दुर्दशा के शिकार होते जा रहे हैं, रोड लाइटें गुल है।
जागरुकों ने उठाई मांग…
युवा कांग्रेस बी-ब्लॉक अध्यक्ष जितेन्द्र जोशी ने कॉलोनी की समस्याओं का समाधान कराने की गुहार जिला प्रशासन व संबंधित विभाग से लगाई है। जोशी ने पेयजल समस्या के लिए जलदाय विभाग के अधीशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा है। इसके जरिए बताया गया है कि मुरलीधर व्यास कोलोनी के सेक्टर दो व तीन में इन दिनों पानी का प्रेशर बहुत कम आता है, जो पाइप लाइन है, वो खराब हो चुकी है। काफी पुरानी होने के कारण अब बदल कर नई पाइप लाइन डालने की आवश्कता है।
कई लाइनें तो घरों से दूर है, जिनको समीप में करने समस्या का हल निकल सकता है। कॉलोनी में जगह-जगह पर लाइनों के लीकेज की भरमार है। इनकी मरम्मत लंबे समय नहीं हुई। ज्ञापन के जरिए विभाग से मौके का मुआयना करने का आग्रह किया गया है।
उजड़े है चमन…
मुरलीधर व्यास कॉलोनी के पार्क उजड़े पड़े हैं। वार्ड 2 में पार्को में नगर विकास न्यास से 3 साल पहले लाईट लगाई थी, जो एक अर्से से बंद ही पड़ी है। कांग्रेस के युवा नेता ने विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया है कि वे पार्कों का अवलोकन कर हालात को जाने।
पार्कों के यह हालात
सामुदायिक भवन पार्क सभी लाइटें बंद है। बापजी मंदिर में 14 में से 12 लाइटें बंद है,साहित्य अकादमी के पास आजाद पार्क की सभी लाइट बंद है, दो नम्बर सेक्टर ओंकारेश्वर महादेव पार्क में सभी लाइटें बंद है,आशुतोष महादेव पार्क, दो सेक्टर एफ में 20 में से 5 लाइटें बंद, मौसम विभाग के पीछे पार्क में पुरानी लाइट बीते दो साल से बंद है, छात्रावास के पास पार्क टंकी पार्क आदि में लाइटें बंद पड़ी है। ज्ञापन के जरिए नगर विकास न्यास से बंद लाइटों को सुचारु करने की मांग उठाई गई है।















