









जयपुर Abhayindia.com गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग के खिलाफ राजस्थान और हरियाणा पुलिस ने शिकंजा कसना तेज कर दिया है। इस क्रम में हरियाणा पुलिस ने गोदारा के भाई हनुमान स्वामी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चूरू जिले की रतनगढ़ पुलिस ने उसके माता-पिता को भी हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, हरियाणा की बहादुरगढ़ पुलिस सोमवार को अदालत से प्रोडक्शन वारंट जारी करवाकर बीकानेर जिले के लूणकरणसर थाना क्षेत्र के कपूरीसर निवासी हनुमान स्वामी पुत्र संतदास स्वामी को अपने साथ ले गई। हनुमान वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में था और उसे श्रीकरणपुर जेल से हरियाणा ले जाया गया है। पुलिस जांच के अनुसार स्वामी पर गैंग के लिए हथियार और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाने के आरोप है। वहीं, रतनगढ़ पुलिस ने गैंगस्टर रोहित गोदारा के पिता संतदास स्वामी और माता गीता देवी को भी हिरासत में लिया है। इसके अलावा गैंगस्टर वीरेंद्र चारण के पिता नरेंद्र चारण को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई गैंग को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से मिल रही सहायता की जांच के तहत की जा रही है।


