Hometrendingपायलट का भजनलाल सरकार पर हमला, बोले- अफसरों के भरोसे सरकार, जनप्रतिनिधियों...

पायलट का भजनलाल सरकार पर हमला, बोले- अफसरों के भरोसे सरकार, जनप्रतिनिधियों की सुनवाई नहीं

AdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने भजनलाल सरकार और केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकार जनप्रतिनिधियों के बजाय अधिकारियों के भरोसे चल रही है। पायलट ने उदयपुर दौरे के दौरान पेपर लीक, कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा और स्थानीय निकाय चुनाव जैसे कई मुद्दों पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया।

पायलट ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि राजस्थान में मंत्री, सांसद और विधायक तक अपनी बात प्रभावी ढंग से नहीं रख पा रहे हैं। उनके अनुसार सरकार पूरी तरह अधिकारियों के भरोसे संचालित हो रही है, जिससे जनप्रतिनिधियों की भूमिका और जवाबदेही प्रभावित हुई है। पायलट ने कहा कि पेपर लीक और परीक्षा परिणामों में गड़बड़ियों ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार रोजगार उपलब्ध कराने में विफल रही है और शिक्षा व्यवस्था लगातार सवालों के घेरे में है।

पायलट ने गर्भवती महिलाओं की मौत, स्कूलों की छत गिरने की घटनाओं, बढ़ते अपराध और महिलाओं के खिलाफ अपराधों का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन मामलों में जवाबदेही तय करने में असफल रही है। पंचायत, नगर निकाय और छात्रसंघ चुनाव समय पर नहीं कराए जाने को लेकर भी उन्होंने सरकार की आलोचना की। पायलट का आरोप था कि सरकार जनता के असंतोष का सामना करने से बचने के लिए चुनाव टाल रही है। केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने संसद की कार्यवाही, परिसीमन, अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित विवाद और ईंधन नीति जैसे मुद्दों पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि किसान, युवा और आम जनता बदलाव चाहती है तथा कांग्रेस आगामी चुनावों में मजबूती के साथ जनता के बीच जाएगी।

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular