





बीकानेर Abhayindia.com पीबीएम अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, संसाधनों की कमी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चल रहा ’’पीबीएम सुधारो जनआंदोलन’’ धरना 15वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन को नई धार देते हुए राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली 30 जून को बीकानेर पहुंचकर जिला कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे।
हाल ही में पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने, मौतों और चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर उठे सवालों के बाद अस्पताल लगातार चर्चा में रहा है। इसी पृष्ठभूमि में शुरु हुआ पीबीएम सुधारो जनआंदोलन अब कांग्रेस के बड़े राजनीतिक अभियान का रूप लेता दिखाई दे रहा है।
पीबीएम सुधारो जनआंदोलन के तहत पिछले करीब 15 दिनों से धरना-प्रदर्शन और विरोध कार्यक्रम लगातार जारी हैं। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पीबीएम अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं लगातार बदहाल होती जा रही हैं, मरीजों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं और व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार की आवश्यकता है। अस्पताल प्रशासन, जिला प्रशासन और संभागीय स्तर के अधिकारियों को कई बार ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
जिला कांग्रेस कमेटी ने पीबीएम अस्पताल में सुधार के लिए 10 सूत्रीय मांगें रखी हैं। साथ ही अस्पताल में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की जांच किसी वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी की अध्यक्षता में कराने की मांग भी की जा रही है। 30 जून को होने वाले कलेक्ट्रेट घेराव को लेकर कांग्रेस संगठन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। घेराव कार्यक्रम में बीकानेर जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारीगण, कार्यकर्तागण, जनप्रतिनिधिगण, संगठनों के सदस्य और आम नागरिक शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के आने से यह आंदोलन केवल स्थानीय मुद्दा नहीं रहेगा, बल्कि यह राज्यव्यापी आंदोलन बनेगा।
कलेक्ट्रेट घेराव के सिलसिले में 26 जून 2026 को कांग्रेस द्वारा पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर कलेक्ट्रेट पर होने वाले घेराव की तैयारियों के लिए कार्यालय जिला कांग्रेस कमेटी देहात, सूरज टाकीज रोड़, रानी बाज़ार, बीकानेर में 26.06.2026 को प्रातः 11.30 बजे जिला कांग्रेस कमेटी बीकानेर शहर व देहात की संयुक्त बैठक रखी गई है। जिसमें कलेक्ट्रेट घेराव के सम्बन्ध में विस्तृत चर्चा कर रणनीति तय की जायेगी।






