बीकानेर abhayindia.com जिला उद्योग संघ कोरोना महामारी को देखते हुए ईएसआईसी अस्पताल के पुराने भवन में फिर से ओपीडी शुरू करने की मांग उठाई है।
संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया, विनोद गोयल, बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल सचिव वीरेंद्र किराड़ू, नरेश मित्तल ने श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री संतोष गंगवार एवं केंद्रीय राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल को इस संबंध में एक पत्र लिखा है। इसके माध्यम से बताया है कि वर्तमान में बीकानेर में कोरोना महामारी ने भयंकर रूप ले रखा है और इन हालात में एक बार ईएसआईसी के पुराने भवन में ओपीडी शुरू करनी चाहिए।
यह बीकानेर में बढ़ रहे कोरोना मरीजों के हित में होगा। ईएसआईसी के पुराने भवन में ंपर्याप्त कमरों की सुविधा भी उपलब्ध है। नए भवन का निर्माण हो जाएगा तो ओपीडी को वापस उसमें शिफ्ट कर दिया जाए, तब तक पुराने भवन में स्वास्थ्य संस्थान भी स्थापित रहेगा और इससे श्रमिकों व आम जनता को केन्द्रीय स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ भी मिल सकेगा।
ईएसआई कॉपोरेशन की ओर से 25 प्रकार की बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा उपलब्ध करवाने के प्रावधान है। इसमें 17 प्रकार की बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सक तुरंत प्रभाव से उपलब्ध करवाए जाते हैं। इसका लाभ संभाग के श्रमिकों को मिलता है।













