Friday, April 24, 2026
Hometrendingआरसीडीएफ व डेयरी संघों के विभिन्‍न पदों के लिए जल्द शुरू होंगे...

आरसीडीएफ व डेयरी संघों के विभिन्‍न पदों के लिए जल्द शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन

AdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत अब दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को हर महीने भुगतान मिलेगा। पशुपालन, डेयरी, गोपालन एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने सोमवार को शासन सचिवालय में डेयरी विभाग की आयोजित समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए।

कुमावत ने इस योजना के तहत अटके हुए भुगतान को जल्द से जल्द जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि साल 2024-25 के लिए इस योजना में राज्य सरकार द्धारा 600 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया था, जिसे संशोधित कर 500 करोड़ रूपए किया गया। राज्य सरकार ने इसमें से 468.32 करोड़ रूपए जारी कर दिए हैं। इसमें से 12.27 करोड़ रूपए कोषागार, जयपुर में भुगतान हेतु लंबित है। इसके अलावा शेष 19.41 करोड़ रूपए का भुगतान ईआरपी सॉफ्टवेयर में प्रविष्टि के पश्चात कोषागार, जयपुर को प्रेषित कर दिया जाएगा।

कुमावत ने बताया कि वितीय वर्ष 2025-26 में योजना के अंतर्गत राज्य सरकार द्वारा 650 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। इसके विरूद्ध 164 करोड़ रूपए की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, जिसमें से 122.27 करोड़ रूपए के  आदेश भी जारी किए जा चुके हैं। इसके बाद इसी सप्ताह दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को जनवरी से मार्च-2025 तक का भुगतान हो जाएगा। अप्रेल, मई व जून माह का भुगतान भी जुलाई के अंत तक कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जुलाई माह से पशुपालकों को इस योजना के तहत दी जाने वाली राशि हर महीने नियमित मिलना शुरू हो जाएगी।

स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों 
की राशि भी जल्द मिलेगी

जोराराम कुमावत ने बताया कि पन्नाधाय बाल गोपाल योजना के तहत वितीय वर्ष-2025-26 के लिए प्रदेश के 66 हजार स्कूलों में मिड डे मील के तहत दिए जा रहे मिल्क पाउडर की सप्लाई का ऑर्डर आरसीडीएफ को प्राप्त हो गया है। इसकी आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। वर्ष-2024-25 में इन स्कूलों के लिए 7800 मीट्रिक टन मिल्क पाउडर की आपूर्ति की गई थी, जबकि इस बार पहले चरण में 3700 मीट्रिक टन पाउडर की आपूर्ति की जाएगी, जिससे प्रदेश के 60 लाख विद्यार्थियों को लाभ होगा।

इसी तरह मुख्यमंत्री अमृत आहार योजना के तहत  प्रदेश के 62 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों के लगभग 10 लाख बच्चों के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर वितीय वर्ष-2025-26 में दूध वितरण के लिए 1400 मीट्रिक टन पाउडर की आपूर्ति पहले चरण में की जा रही है।

504 विभिन्न पदों के लिए जल्द
शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन

जोराराम कुमावत ने आरसीडीएफ व डेयरी संघों में कुल 504 विभिन्न पदों के लिए प्रस्तावित भर्ती की प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्थान सहकारी भर्ती बोर्ड के जरिए जुलाई के प्रथम पखवाड़े से ऑनलाइन आवेदन लेने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। इसके अलावा नवगठित दुग्ध संघ-जैसलमेर, राजसमंद व बारां के लिए 106 नए पद सृजित करने व घाटे से उभर चुके 9 अन्य दुग्ध संघों के लिए 390 पदों के लिए भी नई भर्ती के अनुमोदन के लिए वित विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

अंतरराज्यीय चार दुग्ध संघ होंगे सुदृढ़

कुमावत ने गुजरात बॉर्डर से सटे चार दुग्ध संघों-उदयपुर, बांसवाड़ा, रानीवाड़ा-जालौर व बाड़मेर को सुदृढ़ करने के लिए अलग से पॉलिसी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इन दुग्ध संघों के दुग्ध उत्पादकों के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जाएगी। इसके तहत इन दुग्ध संघों के प्रोसेसिंग प्लांट्स को अपग्रेड किया जाएगा। साथ ही, पशुपालकों को आरसीडीएफ व दुग्ध संघ की ओर से प्रति लीटर के हिसाब से अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पशुपालकों के लिए दुर्घटना व हेल्थ बीमा पॉलिसी की प्रीमियम राशि में छूट बढ़ाने सहित अन्य लाभकारी योजनाओं को भी लागू किया जाएगा।

दुग्ध संघों की महिलाओं को देंगे प्रशिक्षण

कुमावत ने बताया कि डेयरी संघों का मुनाफा कैसे बढ़े, इसके लिए डेयरी विभाग आने वाले समय में कई नवाचार करेगा। इसी के तहत गुजरात की बनास डेयरी में 4 से 6 जुलाई तक तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके तहत चार दुग्ध संघों- जयपुर, सीकर, भरतपुर व टोंक दुग्ध समिति की कुल 48 महिला सचिवों को एक्सपोजर विजिट तथा ट्रेनिंग करवाई जाएगी।

समीक्षा बैठक में मानसून सत्र में आरसीडीएफ व डेयरी संघ के तत्वावधान में पौधारोपण करने, कैटल फीड प्लांट्स के उत्पादन व बिक्री, सभी दुग्ध संघों के प्रोफिट-लॉस एवं सुचारू संचालन, गौ वंश के गोबर को ऑर्गेनिक खाद के रूप में बेचने, राजसमंद डेयरी प्लांट एवं भीलवाड़ा में यूएसटी व केटल प्लांट के निर्माण की प्रगति तथा बजट 2024-25 एवं 2025-26 की बजट घोषणाओं की क्रिन्याविति की समीक्षा भी की गई। बैठक में आरसीडीएफ की एमडी श्रुति भारद्वाज, महाप्रबंधक संतोष कुमार शर्मा, वित्तीय सलाहकार डॉ. आकाश आला, असिस्टेंट मैनेजर (मार्केटिंग) दामोदर सिंह देवल व राजेश सांगानेरिया मौजूद रहे।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!