








जयपुर Abhayindia.com राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने होटल अग्निकांड के बाद नगर निगम को दिए निर्देश के मुताबिक अब अजमेर शहर के होटलों व गेस्ट हाऊस की सूची को अविलम्ब ऑनलाइन जारी करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही अब शहरी क्षेत्र में नए व्यावसायिक निर्माणों के पूर्ण होने पर ही बिजली व पानी के कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए। गांधी भवन सार्वजनिक पुस्तकालय के उन्नयन के लिए प्रस्ताव भी विभाग को भेज दिया गया है।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शनिवार को अजमेर सर्किट हाउस में नगर निगम और अजमेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने होटल नाज अग्निकांड के बाद हुए सर्वे के आधार पर होटलों व गेस्ट हाउस की सूची अविलम्ब ऑनलाइन जारी करने के निर्देश दिए। जिससे की पारदर्शिता के साथ ही सुरक्षा मानकों के मापदण्डों की जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हो सके। इसके अलावा उन्होंने निर्देश दिए कि परकोटा क्षेत्र एवं इसके बाहर बन रहे नए होटल निर्माण, गेस्ट हाउस व व्यावसायिक निर्माण को बिजली-पानी कनेक्शन तभी दिए जाए जब नगर निगम से पूर्णतया प्रमाण पत्र जारी हो।
उन्होंने बताया कि गांधी भवन में लाइब्रेरी उन्नयन का प्रस्ताव भी संबंधित विभाग को भेज दिया गया है और जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा। इसकी डिजाइन इस तरह बनाई जाएगी कि सैकड़ों विद्यार्थी एक साथ बैठकर वहां अध्ययन कर सकें। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए अध्ययन की पूर्ण व्यवस्था हो। लोगों में रीडिंग हैबिट विकसित करने के लिए काम किया जाए।
देवनानी ने शहर के सभी नालों की सफाई सहित निर्माणाधीन नालों के कार्य प्रगति की भी समीक्षा की। शहर में कई जगहों पर सीवरेज के ओवरफ्लो होने की शिकायत पर अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए कि इस तरह की शिकायतें अब नहीं आनी चाहिए क्योंकि बारिश का दौर शुरू हो चुका है और इस तरह की लापरवाहियां बडे हादसे का कारण बन सकती है। इस अवसर पर जिला प्रशासन, नगर निगम एवं एडीए के अधिकारी उपस्थित रहे।
उदयपुर मेडिकल कॉलेज में हादसे का शिकार हुए डॉ. रवि शर्मा के परिजनों को आर्थिक सहायता व अन्य मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार पर चल रहे अजमेर के रेजीडेंट चिकित्सकों के दल ने जेएलएन प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया की उपस्थिति में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से मुलाकात की।
देवनानी ने पूरी घटना की विस्तृत जानकारी लेने के बाद रेजीडेंट चिकित्सकों के दल को आश्वस्त किया कि वे इस पूरे प्रकरण में न्यायसंगत कार्यवाही के लिए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से बात करेंगे। उन्होंने इस प्रकरण में उदयपुर कलेक्टर से भी बात कर पूरी घटना की जानकारी ली। अजमेर के रेजीडेंट चिकित्सकों ने देवनानी से मुलाकात के बाद विश्वास दिलाया कि वे शनिवार शाम से ही लौट जाएंगे।


