Tuesday, April 21, 2026
Hometrendingमहिला अधिकारी का मानसिक उत्पीड़न और अभद्र टिप्पणियां करने पर 11 कर्मचारियों...

महिला अधिकारी का मानसिक उत्पीड़न और अभद्र टिप्पणियां करने पर 11 कर्मचारियों को नोटिस

AdAdAdAdAdAdAd

अजमेर Abhayindia.com राजस्थान लोक सेवा आयोग में कार्यरत एक महिला अधिकारी ने आयोग के 11 पुरुष कर्मचारियों पर मानसिक उत्पीड़न और अभद्र टिप्पणियां करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में महिला अधिकारी ने आयोग के अध्यक्ष यू.आर. साहू को लिखित शिकायत दी है। शिकायत मिलने के बाद आयोग प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी आरोपित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर 25 मार्च तक अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। आयोग प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ित महिला अधिकारी ने अपनी शिकायत में बताया कि पिछले करीब तीन महीनों से कुछ कर्मचारी लगातार उनके बारे में भद्दे और आपत्तिजनक कमेंट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऑफिस आते-जाते समय उनके सामने और पीठ पीछे ऐसी बातें कही जा रही हैं जो किसी भी महिला की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली हैं। अधिकारी ने यह भी लिखा कि उन टिप्पणियों की भाषा इतनी आपत्तिजनक है कि उन्हें लिखित रूप में भी व्यक्त करना संभव नहीं है।

महिला अधिकारी ने बताया कि आयोग में अपनी 18 साल की सेवा के दौरान उन्हें पहले कभी इस तरह की मानसिक प्रताड़ना का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ कर्मचारी उनके बारे में बेहूदा और बेतुकी बातें फैलाते हैं। शिकायत में उन्होंने सभी 11 आरोपित कर्मचारियों के नाम भी दिए हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि एक कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत कर्मचारी के माध्यम से उन्हें अप्रत्यक्ष रूप से धमकी भी दिलाई गई। कथित तौर पर कहा गया कि “अपनी अफसर से कह देना कि उसकी नौकरी गलत लगी है, उसे हटवा देंगे।” महिला अधिकारी का आरोप है कि यह सब उन्हें मानसिक रूप से दबाव में लाने की कोशिश के तहत किया जा रहा है।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!