






बीकानेर Abhayindia.com नगर निगम प्रशासन ने बकाया नगरीय विकास कर की वसूली के लिए कमर कस ली है। हाल में अंतिम नोटिस जारी किए जाने के बाद निगम ने बकायादार व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सीज की कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम प्रशासन के दस्ते ने गुरुवार को जयपुर रोड स्थित जेके टायर शोरूम को सीज कर दिया। संबंधित प्रॉपर्टी पर नगरीय विकास कर बकाया होने और बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद राशि जमा नहीं करवाई गई थी। यह कार्रवाई उपायुक्त यशपाल आहूजा के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई के दौरान वित्तीय सलाहकार रामजी लाल, लेखाधिकारी (प्रभारी अधिकारी नगरीय विकास कर) अशोक कुमार माली सहित राजस्व एवं प्रशासनिक शाखा के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। निगम टीम ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार सीज की कार्रवाई को अंजाम दिया। निगम प्रशासन ने चेताया है कि जिन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं भवन मालिकों को कुर्की पूर्व अंतिम नोटिस जारी किया जा चुका है, वे शीघ्र कर जमा करवाएं, अन्यथा आगामी दिनों में उनके प्रतिष्ठानों को भी सीज किया जाएगा।
आपको बता दें कि निगम प्रशासन ने बीकानेर क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंप, निजी विद्यालय, कोचिंग संस्थान, शॉपिंग मॉल, जिम, होटल, व्यावसायिक कटला व मार्केट संचालक, बैंक, निजी अस्पतालों के मालिकों तथा 2700 वर्गफुट से अधिक आवासीय एवं 900 वर्गफुट से अधिक व्यावसायिक भूखण्ड धारकों से अपील की है कि वे नोटिस की प्रतीक्षा किए बिना निगम कार्यालय में उपस्थित होकर स्व-घोषणा पत्र भरें और समय पर नगरीय विकास कर जमा कराएं।


