जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में मानसून की सक्रियता से मौसम का मिजाज अब पूरी तरह बदलने जा रहा है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और ओडिशा तट के पास बना अवदाब (लो प्रेशर सिस्टम) अब दक्षिण-पूर्वी झारखंड और उत्तरी ओडिशा के आसपास पहुंच गया है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने से पूर्वी राजस्थान में मानसून और अधिक सक्रिय रहेगा।
विभाग के अनुसार, 7 से 9 जुलाई के बीच उदयपुर, कोटा और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में कहीं-कहीं अतिभारी बारिश हो सकती है। हालांकि, 10 जुलाई से भारी बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना जताई गई है। विभाग ने मंगलवार को बांसवाड़ा, बारां, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, प्रतापगढ़, सलूंबर और उदयपुर में अतिभारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसी तरह अजमेर, अलवर, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही और टोंक जिलों में भी गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
विभाग के अनुसार, जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी मानसून सक्रिय रहेगा। बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जालौर, जोधपुर, नागौर, पाली, फलौदी और श्रीगंगानगर में 7 और 8 जुलाई को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।













