जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में मानसून अब अपना दायरा बढ़ाता जा रहा है। मौसम विभाग की ओर से आज सुबह नौ बजे ताजा अपडेट जारी किया है। इसके अनुसार, 21 जून को पाली, जोधपुर, जालौर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ जिलों और आसपास के क्षेत्रों मे अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश व एक दो दौर भारी बारिश/आकाशीय बिजली/तेज सतही हवा (अंधड़) (अपेक्षित हवा की गति 30-50Kmph) आने की संभावना है। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसी तरह विभाग ने बारां, कोटा, झालावाड़, बूंदी नागौर, जयपुर, राजसमंद, बीकानेर, बाडमेर, जालौर, सिरोही, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ जिलों और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश आकाशीय बिजली और कहीं-कहीं पर तेज़ (20-30 kmph) की संभावना जताई है।
आपको बता दें कि शुक्रवार को प्रदेश में जयपुर, कोटा, भीलवाड़ा, बारां, बूदी, चित्तौड़गढ़, दौसा सहित एक दर्जन से अधिक जिलों में तेज बारिश हुई। जगह-जगह जलभराव होने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। तापमान में भी छह डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। कोटा संभाग में मूसलाधार बारिश से नदी-नाले उफान पर है। यहां कोटा बैराज के दो गेट खोलकर 6229 क्यूसेक पानी की निकासी की गई है। वहीं, राणाप्रताप सागर भी छलकने को तैयार है। शाहबाद में छह इंच बारिश से पलको नदी पूरे उफान पर है और इससे देवरी कस्बा दो हिस्सों में बंट गया है।













