






बीकानेर Abhayindia.com मंत्रालयिक संवर्ग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की 2024-25 तक की रिव्यू, बकाया डीपीसी तत्पश्चात ही 2025-26 तक की नियमित डीपीसी चार नवम्बर 2025 तक आयोजित कर काउंसलिंग के माध्यम से पदस्थापन के आदेश जारी नहीं होने पर 6 नवम्बर (गुरूवार) से शिक्षा निदेशालय के समक्ष धरना देने का नोटिस दिया गया है।
शिक्षा विभागीय कर्मचारी संघ राजस्थान बीकानेर के प्रदेशाध्यक्ष कमल नारायण आचार्य ने मंत्रालयिक संवर्ग के सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों यथा कनिष्ठ सहायक, वरिष्ठ सहायक, सहायक प्रशासनिक अधिकारी, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं संस्थापन अधिकारी के पदों की 01.04.2017 से रिव्यु, बकाया एवं नियमित डीपीसी करने तथा काउंसलिंग के माध्यम से पदस्थापन सहित छः सूत्रीय मांग पत्र पर कार्यवाही पूर्ण कर चार नवम्बर तक संघ को सूचित नहीं करने की स्थिति में छह नवम्बर से शिक्षा निदेशालय बीकानेर के समक्ष प्रातः 11 बजे से 4 बजे तक धरना प्रारम्भ किया जाएगा। इस संबंध में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केन्द्रीय कानून मंत्री एवं सासद बीकानेर, मुख्य सचिव, कार्मिक सचिव, शिक्षा सचिव, शिक्षा निदेशक, समस्त संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा, समस्त जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय माध्यमिक एवं उप निदेशक (प्रशासन) को ईमेल एवं स्पीड पोस्ट से अवगत कराया गया है। संभागीय आयुक्त बीकानेर, जिला कलेक्टर बीकानेर व पुलिस अधीक्षक बीकानेर को भी धरने की चेतावनी के नोटिस की प्रति दी गई है।
प्रदेशाध्यक्ष आचार्य ने बताया कि पूर्व में भी दिनांक 04.11.2024 से 27.12.2024 तक 54 दिनों का धरना शिक्षा निदेशालय के समक्ष दिया गया था जिसमें शिक्षा सचिव कृष्ण कुणाल एवं तत्कालीन शिक्षा निदेशक सीताराम जाट के द्वारा वार्ता में दिये गये आश्वासन के पश्चात धरना स्थगित किया गया था। परन्तु अभी तक सभी मांगों पर पूर्ण कार्यवाही नहीं की गई है।


