Friday, June 5, 2026
Hometrendingसीएम गहलोत के बयान पर मंत्री शेखावत का पलटवार, बोले- कांग्रेस राज...

सीएम गहलोत के बयान पर मंत्री शेखावत का पलटवार, बोले- कांग्रेस राज में होती थी ऐसी साजिश…

AdAdAdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com राजस्‍थान में भजनलाल शर्मा मुख्‍यमंत्री रहेंगे या नहीं, इसे लेकर पूर्व मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से दिए गए बयान के बाद प्रदेश का सियासी पारा हाई हो गया है। गहलोत के बयान पर राजस्‍थान विधानसभा अध्‍यक्ष वासुदेव देवनानी की तीखी प्रतिक्रिया के बाद अब केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का अहम बयान सामने आया है।

मंत्री शेखावत ने कहा कि सत्ता बदलने की साजिश दिल्ली में कांग्रेस के राज में होती थी। उस समय अशोक गहलोत को सत्ता बचाने के लिए होटलों में छिपना पड़ता था। ऐसी संस्कृति भाजपा में नहीं है। भाजपा अनुशासित पार्टी है।

सत्ता का चेहरा बदलने की दिल्ली में साजिश रचने के गहलोत के बयान पर उन्‍होंने कहा कि गहलोत उस पुरानी बीमारी से ग्रसित हैं, जो उनके समय के हालात में उनको थी। उनके समय में ऐसी साजिश होती थी। उनके समय उनकी पार्टी में असंतोष था, रोज उनको लगता था कि उनकी सरकार गिर सकती है। गहलोत अभी भी उसी स्‍वप्‍न की अवस्था में है। यह भारतीय जनता पार्टी है, इसमें ऐसे काम नहीं होते। यह अनुशासित पार्टी है।

मंत्री ने कहा कि गहलोत जब दो बार मुख्यमंत्री पद से हटे तब दिल्ली में उनको केन्द्रीय संगठन में पद दिया गया। अब तीसरी बार उनको दिल्ली में अस्वीकार कर दिया गया। अब खुद को प्रासंगिक बनाने के लिए ऐसी अनर्गल टिप्पणी कर रहे हैं। गहलोत उस पार्टी के नेता हैं, जिन्होंने आपातकाल लगाकर संविधान की हत्या प्रत्यक्ष रूप से की थी।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!