बीकानेर Abhayindia.com महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) की ओर से आयोजित की जा रही वर्तमान परीक्षाओं के दौरान हनुमानगढ़ जिले में स्थापित मरुधरा कॉलेज, पक्का भादवा परीक्षा केंद्र पर 20 अगस्त 2026 को आयोजित परीक्षा में उड़न दस्ते के निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए परीक्षा केंद्र निरस्त कर दिया है।
परीक्षा नियंत्रक राजाराम चोयल ने बताया कि विश्वविद्यालय स्तर पर गठित उड़न दस्ता समिति द्वारा परीक्षा केंद्र पर पाए गए साक्ष्यों एवं उपलब्ध सबूतों के आधार पर कुलगुरु प्रोफेसर अखिल रंजन गर्ग को विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। रिपोर्ट पर तत्काल निर्णय लेते हुए कुलगुरु ने परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर राजाराम चोयल को संबंधित परीक्षा केंद्र निरस्त करने के आदेश प्रदान किए।
कुलगुरु के आदेशों की पालना में परीक्षा नियंत्रक द्वारा आदेश जारी कर मरुधरा कॉलेज, पक्का भादवा परीक्षा केंद्र को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। इस परीक्षा केंद्र पर पंजीकृत परीक्षार्थियों को निकटतम परीक्षा केंद्र राजकीय कन्या महाविद्यालय, हनुमानगढ़ में स्थानांतरित किया गया है, ताकि उनकी परीक्षाएं सुचारू रूप से आयोजित हो सकें।
कुलगुरु प्रोफेसर अखिल रंजन गर्ग ने सभी परीक्षा केंद्राधीक्षकों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी परीक्षा केंद्र पर अनियमितता पाए जाने पर तत्काल निर्णय लेते हुए संबंधित केंद्र के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्राधीक्षकों को निर्देशित किया कि परीक्षा आयोजन से संबंधित समस्त व्यवस्थाएं विश्वविद्यालय के नियमों एवं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।
















