








बीकानेर Abhayindia.com वर्तमान कोरोना संकट एवं लॉकडाउन की स्थिति को देखते हुए राज्य भर में चल रहे दस हजार से अधिक कम्प्यूटर प्रशिक्षण संस्थानों के समक्ष गंभीर संकट पैदा हो गया है। कम्प्यूटर प्रशिक्षण का कार्य एक सीजनल कार्य है जो विद्यार्थियों के छुट्टियों यानि अप्रेल मई व जून माह में ही अधिक रहता है। कम्प्यूटर प्रशिक्षण संस्थान गत 6 माह से अप्रेल सीजन का इंतजार कर रहे थे, लेकिन लॉकडाउन के कारण कम्प्यूटर प्रशिक्षण की गतिविधियां इस पूरे वर्ष के लिये ठप्प हो गया है एवं उनके परिवारों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट पैदा हो गया है।
ये कम्प्यूटर प्रशिक्षण संस्थान आरकेसीएल के अधिकृत ज्ञान केन्द्र है जो राज्य सरकार के अधिनस्थ उपक्रम है। इन ज्ञान आईटी ज्ञान केन्द्रों पर राज्य सरकार के विभिन्न योजनाओं के कोर्सेज भी चलाये जाते रहें हैं। संकट की इस घडी में आरकेसीएल एवं राज्य सरकार द्वारा कोई राहत पैकेज की घोषणा नहीं की गई अपितु बार-बार अनुरोध करने के बावजूद आरएससीआईटी फ्री वूमन बैच जो 2018 में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा राज्य के आईटी ज्ञान केन्द्रों पर चलाया गया था उसका बकाया पैसा आज तक नहीं दिया गया तथा 2019 निशुल्क महिला बैच के रजिस्ट्रेशन का पैसा अभी तक जारी नहीं किया गया है जबकि यह बैच सभी ज्ञान केन्द्रों पर शुरू कर दिया गया था तथा नियमानुसार उसका पैसा ज्ञान केन्द्रों को जारी किया जाना चाहिये था।
इस विकट संकट की घडी में राज्य सरकार यदि आईटी ज्ञान केन्द्रों का यह बकाया पैसा ही जारी करवा दे तो कम से कम ज्ञान केन्द्र अपने स्टाफ की सैलरी देने में सक्षम होगा। साथ ही सभी आईटी ज्ञान केन्द्र राज्य सरकार से तुरंत प्रभाव से राहत पैकेज की उम्मीद करते हैं, क्योंकि यदि समय पर ऐसा न हुआ तो उनकी हालत गर्त में जाने जैसी हो जायेगी।
बहरहाल, बीकानेर आईटी ज्ञान केन्द्र एसोसियेशन के सचिव ने राज्य सरकार को इस संबंध में ज्ञापन भेजकर जल्द ही राहत पैकेज की घोषणा करने की मांग उठाई है।


