








जयपुर Abhayindia.com प्रशासनिक सुधार विभाग की ओर से आयोजित एलडीसी भर्ती में विभागों व जिले के बंटवारे को लेकर आ रहीं शिकायतों पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सख्त कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने लिपिक ग्रेड द्वितीय भर्ती परीक्षा-2018 के अभ्यर्थियों को जिले व विभागों का आवंटन पुनः नई प्रक्रिया से करने के निर्देश दिए हैं।
सीएम गहलोत ने कहा कि सभी विभागों को मेरिट के आधार पर उनकी आवश्यकता के अनुरूप चयनित अभ्यर्थियों की सूची उपलब्ध कराएं। उसके बाद संबंधित विभाग मेरिट एवं काउंसलिंग के आधार पर उन्हें जिला आवंटित करें। उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि भविष्य में सभी भर्तियों में प्रथम नियुक्ति सभी विभागों द्वारा मेरिट एवं काउंसलिंग के आधार पर ही दी जाए।
आपको बता दें कि एलडीसी भर्ती-2018 में चयनित अभ्यर्थियों को मेरिट के अनुसार जिला आवंटित नहीं होने से आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा था। उन्होंने मुख्यमंत्री व प्रशासनिक सुधार विभाग के शासन सचिव को शिकायत भेजी थी। सफल अभ्यर्थियों ने जिला आंवटित करने में कईं विसंगतियां बताई थी। बताया जा रहा है कि कम मेरिट वाले अभ्यर्थियों को गृह जिलें में ही नियुक्ति दे दी गई और अधिक मेरिट वाले अभ्यर्थियों को गृह जिले से बाहर जिला आंवटित कर दिया है। भर्ती नियमों में चयनित अभ्यर्थियों को मेरिट के अनुसार जिला आवंटित कर नियुक्ति देने का प्रावधान है। इसके बावजूद भी विभाग ने अभ्यर्थियों की मेरिट को नजरअंदाज कर मनमाने तरीके से गृह जिले से बाहर नियुक्ति दी है। विभाग को चयनित अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट के आधार पर नियुक्ति दी जानी चाहिए थी।


