बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर नगर निगम चुनाव के बीच सबसे हॉट माने जाने वाले वार्ड संख्या 73 में भाजपा प्रत्याशी दीपक पारीक के पक्ष में बसपा प्रत्याशी रविन्द्र कुमार सारस्वत ने अपना समर्थन देने की घोषणा कर दी है। रविन्द्र कुमार सारस्वत ने कहा कि वार्ड के विकास और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने दीपक पारीक के समर्थन का निर्णय लिया है। उन्होंने वार्डवासियों से क्षेत्र के विकास और बेहतर जनप्रतिनिधित्व के लिए दीपक पारीक के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
भाजपा प्रत्याशी दीपक पारीक ने रविन्द्र कुमार सारस्वत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका समर्थन हमारे लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वार्ड 73 की जनता के विश्वास को विकास और सेवा के संकल्प में बदलना ही उनकी प्राथमिकता रहेगी। पारीक ने कहा कि वार्ड की मूलभूत समस्याओं का समाधान, स्वच्छता, सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य किया जाएगा। रविन्द्र कुमार सारस्वत के समर्थन को वार्ड 73 में भाजपा प्रत्याशी दीपक पारीक के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक समर्थन के रूप में देखा जा रहा है।
आपको बता दें कि वार्ड 73 इस बार सबसे हॉट सीट बन गई है। यहां कांग्रेस से पूर्व मंत्री बी. डी. कल्ला के भतीजे अनिल कल्ला को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं, इस वार्ड से कांग्रेस के बागी आनंद जोशी ने निर्दलीय के रूप में ताल ठोक रखी है। ऐसे में यहां मुकाबला बेहद ही रोचक मोड़ पर आ गया है।



















