








बीकानेर Abhayindia.com बार एसोसिएशन, बीकानेर के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज अधिवक्ता भगवान सिंह मेड़तिया के विरुद्ध दर्ज एफआईआर के संबंध में निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच की मांग को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक, बीकानेर तथा पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज, बीकानेर को पृथक-पृथक ज्ञापन प्रस्तुत किए।
ज्ञापन में अवगत कराया गया कि उक्त घटना का मूल कारण क्षेत्र में लगातार एवं बार-बार हो रही विद्युत कटौती से उत्पन्न जन-असंतोष था, जिसके कारण बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक घटनास्थल पर एकत्रित हुए थे। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी अवगत कराया कि घटना के उपरांत संबंधित कंपनी एवं स्थानीय नागरिकों के मध्य समझौता हो चुका है तथा प्रकरण के सभी तथ्यों, परिस्थितियों एवं उपलब्ध साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच किया जाना आवश्यक है। बार एसोसिएशन ने दोनों अधिकारियों से अनुरोध किया कि प्रकरण की जांच स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से करवाई जाए तथा उपलब्ध वीडियो फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, स्वतंत्र गवाहों के बयानों एवं अन्य समस्त तथ्यों का समुचित परीक्षण किया जाए।
जिला पुलिस अधीक्षक, बीकानेर तथा पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की जांच पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं विधि सम्मत तरीके से की जाएगी। दोनों अधिकारियों ने यह भी विश्वास दिलाया कि मामले के प्रत्येक पहलू पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाएगा तथा किसी भी निर्दाेष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। बार एसोसिएशन, बीकानेर ने पुलिस प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन पर संतोष व्यक्त करते हुए आशा जताई कि प्रकरण की जांच निष्पक्ष रूप से संपन्न होगी तथा सत्य तथ्यों के आधार पर उचित निर्णय लिया जाएगा।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन, बीकानेर के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित, वरिष्ठ अधिवक्ता नवल कुमार पुरोहित, सुरेश श्रीमाली, रघुवीर सिंह, सुखदेव व्यास, अरविन्द सिंह, राजेन्द्र सिंह शिमला, मनोज बिश्नोई, पवन कुमार व्यास, रामनिवास बिश्नोई, राजेश देवड़ा, मनीष सांखला, ताराचंद उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।


