बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर पश्चिम विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी जेठानंद व्यास ने आज अपना नामांकन दाखिल करने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. बीडी कल्ला पर जमकर जुबानी हमला बोला। व्यास ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि विकास के क्षेत्र में बीकानेर 43 साल से पीछे चल रहा है। इस दरम्यान डॉ. कल्ला ने एक भी वादा पूरा नहीं किया और समस्याएं बढती गई। कल्ला की ओर से खुद को सबसे बड़ा हिन्दू बताने के सवाल पर व्यास ने कहा कि वे दोगली बात करते हैं। 43 साल वे कभी हिन्दू नहीं बने। लेकिन, जैसे ही मेरा नाम भाजपा प्रत्याशी के तौर पर घोषित हुआ तो वे खुद को सबसे बड़ाहिन्दू और सनातनी बताने लगे हैं।
व्यास ने कहा कि जब मैं हिन्दू की बात करता हूं तो मुझे सांप्रदायिक बताया जाता है जबकि, वे (डॉ. बीडी कल्ला) जब हिन्दू की बात करते हैं तो खुद को धर्मनिरपेक्ष बताते हैं। इसलिए कहता हूं कि वे दोगली बात करते हैं। बीकानेर में रेल फाटकों की समस्या को लेकर व्यास ने कहा कि वे इस समस्या का समाधान 43 साल में ही नहीं करवा पाए। अब जनता को भ्रमित करते हुए कह रहे है कि मैं इस समस्या का समाधान अगले छह महीनों में करवा दूंगा। ये उनका दोगलापन ही है। वे हमेशा रेल बाइपास की रट लगाते रहे जबकि भाजपा सरकार के समय एलीवेटेड रोड का निर्माण प्रस्तावित किया गया था। लेकिन, कल्ला हमेशा बाइपास पर ही अटके रहे। इसीलिए इस समस्या का समाधान अभी तक नहीं हो पाया।






















