बीकानेर Abhayindia.com किसानों के लिए मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत अब सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सपोर्ट सिस्टम स्थापित करने पर सरकार की ओर से अनुदान दिया जा रहा है। उप निदेशक उद्यान अनुसंधान एटीसी प्रेमाराम ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य आधुनिक एवं उन्नत तकनीक अपनाकर सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देना है।
उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि योजना के तहत सपोर्ट सिस्टम की इकाई लागत 20 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर निर्धारित की गई है। इस निर्धारित लागत पर किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान देय होगा। एक लाभार्थी किसान को न्यूनतम 0.40 हेक्टेयर से लेकर अधिकतम 2 हेक्टेयर क्षेत्र तक प्रोरेटा बेसिस (आनुपातिक) पर अनुदान का लाभ दिया जा सकेगा। जिले में कृषक श्रेणीवार कुल 150 हेक्टेयर का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। यह लाभ टमाटर एवं बेल वाली फसलों यथा खीरा, लौकी, तोरई, करेला और टिण्डा के लिए मिलेगा।
सपोर्ट सिस्टम के उपयोग से सब्जी की फसलों में पौधों को उचित सहारा मिलता है। इससे न केवल फसल का बेहतर विकास होता है, बल्कि उच्च गुणवत्ता और अधिक उत्पादन प्राप्त करने में भी भारी सहायता मिलती है। किसानों को आधुनिक तकनीक अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
क्या है प्रक्रिया?
योजना का लाभ प्राप्त करने के इच्छुक किसान संबंधित उद्यान विभाग कार्यालय अथवा अपने क्षेत्र के कृषि पर्यवेक्षक उद्यान से संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। किसानों को सपोर्ट सिस्टम में उपयोग की गई सामग्री के बिल प्रस्तुत करने होंगे, जिसके पश्चात सत्यापन के आधार पर किसानों को लाभान्वित किया जाएगा।















