








जयपुर Abhayindia.com प्रदेश के झालावाड़ में मनोहरथाना क्षेत्र के पिपलोदी गांव में आज सुबह एक सरकारी प्राथमिक स्कूल की जर्जर इमारत गिरने से पांच बच्चों की मौत हो गई जबकि कई बच्चों के मलबे में दबे होने की आशंका है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त स्कूल में प्रार्थना हो रही थी। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया। इस बीच, प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
बहरहाल, जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कूल की इमारत काफी समय से जर्जर हालत में थी और कई बार इसकी मरम्मत की मांग की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बीते कुछ दिनों से इलाके में भारी बारिश हो रही थी, जो इस हादसे की एक बड़ी वजह मानी जा रही है। वहीं, हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया है और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हालांकि, प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं और हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। वहीं, झालावाड़ के जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने कहा कि मामले में राहत और बचाव कार्य जारी है। मामले में जांच कर जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया, “झालावाड़ के मनोहरथाना में एक सरकारी स्कूल की इमारत गिरने की खबर आ रही है, जिसमें कई बच्चे और शिक्षक हताहत हुए हैं। मैं ईश्वर से कम से कम जनहानि और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”


