Friday, May 15, 2026
Hometrendingराजस्‍थान में 18 सितम्बर से शुरू होगा ‘‘गांव चलो अभियान’, जानें- अभियान...

राजस्‍थान में 18 सितम्बर से शुरू होगा ‘‘गांव चलो अभियान’, जानें- अभियान के अन्तर्गत आयोजित होने वाली गतिविधियां…

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

झालावाड़ Abhayindia.com राजस्‍थान के समस्त जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में केन्द्र व राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार राज्य सरकार द्वारा आगामी 18 सितम्बर से ‘‘गांव चलो अभियान’’ का आयोजन किया जाएगा। जिसकी तैयारियों एवं कार्ययोजना को लेकर शुक्रवार को जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों के साथ वीसी के माध्यम से बैठक का आयोजन किया गया।

सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के वीसी रूम में आयोजित बैठक में जिला कलक्टर ने समस्त उपखण्ड अधिकारियों, विकास अधिकारियों व तहसीलदारों को अभियान के दौरान किए जाने वाले कार्यों की बारीकी से जानकारी देते हुए अभियान के सफल आयोजन के साथ झालावाड़ जिले के ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियानों का एकमात्र उद्देश्य यही है कि कोई भी व्यक्ति जो सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित है उसे ना केवल योजनाओं की जानकारी दी जाए बल्कि उन्हें योजनाओं में पंजीकृत करके हर संभव राहत पहुंचाने का कार्य किया जाए।

जिला कलक्टर ने बताया कि अभियान के तहत सप्ताह के तीन दिन गुरूवार, शुक्रवार व शनिवार को प्रत्येक दिवस 02 ग्राम पंचायतों में प्रातः 10 से सायं 5 बजे तक शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन होने तक अभियान निरन्तर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शिविरों के प्रभारी अधिकारी शिविरों में सभी विभागों से संबंधित कार्मिकों की उपस्थित सुनिश्चित करेंगे। इस दौरान जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शिविरों के आयोजन संबंधी आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी एवं उनके बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

इस दौरान जिला कलक्टर ने निर्देश देते हुए कहा कि शिविरों का आयोजन पंचायत मुख्यालय पर पंचायत भवन, स्कूल भवन या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किया जाए जहां आमजन की पहुंच आसान हो। साथ ही शिविर स्थल पर आने वाले ग्रामीणों के लिए बैठने, पेयजल, छाया सहित कार्मिकों के लिए मेज, कुर्सी सहित अन्य सुविधाओं की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इसके अतिरिक्त उन्होंने राजस्व व विकास से संबंधित कार्यों में कोई पेंडेंसी नहीं रखने, पीएम आवास के प्रकरणों, पीएम किसान सम्मान निधि योजना, एनएफएसए के आवेदनों की पूर्ति करने, गिरदावरी के कार्य में प्रगति लाने के निर्देश भी दिए।

‘‘गांव चलो अभियान’’ के अन्तर्गत
आयोजित होने वाली गतिविधियां

* विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन एवं स्वीकृतियां (समस्त विभाग)

* स्वास्थ्य शिविर, लम्बित यूडीआईडी कार्ड विवरण (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग)

* पशु स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन (पशुपालन विभाग)

* विधायक, सांसद स्थानीय क्षेत्र कार्यक्रम तथा क्षेत्रीय विकास कार्यक्रम (जैसे डांग, मगरा, मेवात इत्यादि) के तहत उपलब्ध राशि के माध्यम से स्कूलों इत्यादि की मरम्मत के लिए स्वीकृतियां एवं कार्य (ग्रामीण विकास विभाग एवं पंचायती राज विभाग)

* स्वामित्व योजना के तहत पट्टों के लिए आवेदन, स्वीकृतियां एवं वितरण (पंचायती राज विभाग)

* दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गाँव के तहत 10,000 और गांव में बीपीएल परिवारों का सर्वे (ग्रामीण विकास विभाग)

* लम्बित फार्मर रजिस्ट्री को पूर्ण करवाया जाना (राजस्व विभाग)

* कैम्प में आये किसानों को ‘किसान गिरदावरी ऐप’ डाउनलोड करवाया जाकर, किसान गिरदावरी के लिए प्रेरित करना (राजस्व विभाग)

* आपसी सहमति से विभाजन, लम्बित नोटिसों की तामीली, रास्ते खोलना, नामान्तकरण इत्यादि (राजस्व विभाग)

* आय, जाति प्रमाण-पत्र को बनाना एवं वितरित करना (राजस्व विभाग)

* बिजली तारों एवं खम्भों इत्यादि में सुधार (ऊर्जा विभाग)

* बीज मिनी किट वितरण (कृषि विभाग)

* स्वच्छता एवं वृक्षारोपण (वन विभाग एवं पंचायती राज विभाग)

* राष्ट्रव्यापी संतृप्ति अभियान (आयोजना विभाग)

बैठक में जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भूदयाल मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर अभिषेक चारण सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी तथा वीसी के माध्यम से समस्त उपखण्ड अधिकारी, विकास अधिकारी एवं तहसीलदार मौजूद रहे।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!