बीकानेर Abhayindia.com फर्जी फर्टिलाइजर कंपनियों के नाम पर देशभर में डीलरशिप दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा हो गया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य आरोपी को हरियाणा के कुरुक्षेत्र से दबोच लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने नोखा के एक खाद-बीज व्यापारी से 15 लाख 76 हजार रुपये की ठगी की थी। परिवादी प्रेमचंद, संचालक मनीता पेस्टीसाइड्स ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 जुलाई 2025 को रोहिताश कुमार नामक व्यक्ति उसकी दुकान पर आया और स्वयं को गुजरात केमिकल एंड फर्टिलाइजर कंपनी का एरिया सेल्स मैनेजर बताया। उसने कंपनी की डीलरशिप दिलाने का झांसा देकर पहले 25 हजार रुपये सुरक्षा राशि और बाद में माल भेजने के नाम पर कुल 15.76 लाख रुपये कंपनी के खाते में जमा करवा लिए। राशि जमा कराने के बाद न तो खाद-कीटनाशक की आपूर्ति की गई और न ही पैसे लौटाए गए।
परिवादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 316(2), 318(4) एवं 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस टीम ने हरियाणा, कैथल और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न स्थानों पर तलाश के बाद मुख्य आरोपी विक्रम सिंह उर्फ संजय (46), निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी सेटर-7, कुरुक्षेत्र (हरियाणा) को अरेस्ट कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने गुजरात केमिकल एंड फर्टिलाइजर, यूनाइटेड एग्रो सीड्स एंड फर्टिलाइजर्स तथा सरस्वती एग्रो फर्टिलाइजर के नाम से फर्जी कंपनियां बनाकर अलग-अलग बैंक खातों का संचालन किया। गिरोह सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यम से फर्जी अधिकारियों की नियुक्ति कर खाद-कीटनाशक विक्रेताओं को डीलरशिप का झांसा देता था। एडवांस राशि खाते में जमा होते ही आरोपी चेक के माध्यम से रकम निकालकर मोबाइल नंबर बंद कर देता और अपना ठिकाना बदल लेता था।
पुलिस अब आरोपी से देशभर में की गई अन्य ठगी की वारदातों और गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश (आईपीएस) एवं जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारी लाल (आरपीएस) तथा सीओ नोखा जरनैल सिंह (आरपीएस) के सुपरविजन में थाना प्रभारी गोविन्द सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उप निरीक्षक कुशलाराम, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार एवं हेड कांस्टेबल रामेश्वर लाल बिश्नोई शामिल रहे।















