





बीकानेर Abhayindia.com महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से विद्यार्थियों की बदलती शैक्षणिक एवं रोजगारपरक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए चार नए पाठ्यक्रम प्रारंभ किए हैं। इनमें मास्टर ऑफ सोशल वर्क (एमएसडब्ल्यू), एम.एससी. जियोलॉजी (M.Sc. Geology), बायो फर्टिलाइजर प्रोडक्शन में सर्टिफिकेट कोर्स तथा बायो पेस्टिसाइड्स प्रोडक्शन में सर्टिफिकेट कोर्स शामिल हैं। इन सभी नए पाठ्यक्रमों का संचालन विश्वविद्यालय परिसर में किया जाएगा।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु आचार्य मनोज दीक्षित ने कहा कि विश्वविद्यालय समय की मांग के अनुरूप आधुनिक, नवाचार आधारित एवं रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर नए पाठ्यक्रम प्रारंभ कर रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऐसी शिक्षा उपलब्ध कराना है, जो उन्हें रोजगार के साथ-साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में भी प्रभावी भूमिका निभाने के लिए सक्षम बनाए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन नए पाठ्यक्रमों से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होगी तथा उन्हें उच्च शिक्षा के लिए अन्य शहरों की ओर जाने की आवश्यकता भी कम होगी।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी उमेश शर्मा ने बताया कि इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (एनईपी-2020) के अनुरूप विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, कौशल आधारित एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक कौशल और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि बायो फर्टिलाइजर प्रोडक्शन तथा बायो पेस्टिसाइड्स प्रोडक्शन से संबंधित प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम प्राकृतिक एवं सतत कृषि को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं के लिए स्वरोजगार और उद्यमिता के नए अवसर सृजित करेंगे। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थी जैविक कृषि से जुड़े आधुनिक तकनीकी ज्ञान और उत्पादन प्रक्रियाओं में दक्षता प्राप्त कर सकेंगे।
वहीं, मास्टर ऑफ सोशल वर्क (एमएसडब्ल्यू) एवं एम.एससी. जियोलॉजी जैसे स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम सामाजिक विकास, अनुसंधान, पर्यावरण संरक्षण, खनन, भू-विज्ञान तथा औद्योगिक क्षेत्रों में विद्यार्थियों के लिए बेहतर कैरियर संभावनाएं उपलब्ध कराएंगे। इन पाठ्यक्रमों से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के विविध क्षेत्रों में प्रतिस्पर्धी अवसर प्राप्त होंगे।
शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय ने इन सभी नए पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी पात्रता, शुल्क, आवेदन प्रक्रिया एवं प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त कर निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अधिक से अधिक विद्यार्थियों से इन रोजगारोन्मुख एवं कौशल आधारित पाठ्यक्रमों का लाभ उठाने की अपील की है।








