







बीकानेर Abhayindia.com मशहूर भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा 16 दिसम्बर को बीकानेर आएंगे। वे यहां मोहता आयुर्वेदिक चिकित्सालय और सेठ रामगोपाल गोवर्द्धन दास मोहता चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से 16 दिसंबर को सांय 5 से 8 बजे तक महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित विशेष भजन संध्या में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में अनूप जलोटा अपनी सुमधुर आवाज में भजनों के साथ गजलें और गीत प्रस्तुत करेंगे।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि इस कार्यक्रम में प्रवेश केवल नि:शुल्क प्रवेश-पत्र से ही मिलेगा। ऑडिटोरियम में लगभग 1000 दर्शकों के बैठने की तैयारी की जा रही है। इसमें शहर के सामाजिक, प्रशासनिक, राजनैतिक, उद्योग एवं चिकित्सा क्षेत्र के प्रबुद्ध लोगों को विशेष आमंत्रित किया जा रहा है। प्रेस वार्ता को मोहता रसायनशाला के जीएम (प्रोडक्शन) प्रमोद भट्ट, मैनेजर राजेंद्र गर्ग, फाइनेंशियल मैनेजमेंट हेड सीए जया रामपुरिया, लीगल एडवाइजर करण सिंह शेखावत, सेल्स एंड मार्केटिंग मैनेजर मोहन पुरोहित, रिक्रूटमेंट मैनेजर विकास राठौड़ और चैरिटेबल ट्रस्ट से योगेश पुरोहित ने संबोधित किया।
आपको बता दें कि मोहता परिवार बीकानेर ही नहीं, देश-दुनिया में सेवा कार्यों के लिए जाना जाता है। स्व. मोतीलाल मोहता की सेवा विरासत को उनके पुत्र शिवदास, जगन्नाथ, लक्ष्मीचंद और गोवर्द्धन दास मोहता ने आगे बढ़ाया। मोहता आयुर्वेदिक चिकित्सालय, मोहता धर्मशाला, मोहता रसायनशाला सहित विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से परिवार पिछले लगभग 125 वर्षों से समाज सेवा कर रहा है।




