




बीकानेर Abhayindia.com सिविल न्यायाधीश संख्या 03, बीकानेर ने बुधवार को आदेश जारी कर रत्तानी व्यास पंचायत समिति की संपत्ति की सुरक्षा और प्रबंधन के लिए रिसीवर के रूप में सहकारी समिति, बीकानेर के उप रजिस्ट्रार को नियुक्त किया है। अब समिति की संपत्ति का संपूर्ण प्रबंधन, भवन की बुकिंग, किराया वसूली, बैंक खातों का संचालन, लेन-देन का भुगतान, ऑडिट, और मंदिरों की देखरेख जैसे कार्य उप रजिस्ट्रार के निर्देशन में होंगे।
समिति के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र कुमार व्यास का कार्यकाल दिसंबर 2023 में समाप्त हो जाने के बावजूद, उन्होंने चार्ज नहीं सौंपा और समिति के संविधान का पालन नहीं किया। इस संदर्भ में पंडित संजय व्यास और विजय शंकर व्यास ने सिविल न्यायालय में वाद दायर कर गंभीर आरोप लगाए, जिसमें समिति की आय-व्यय का लेखा-जोखा न रखने, झूठे खर्च दिखाने, और संपत्तियों के दुरुपयोग की बातें शामिल थीं। वादी ने न्यायालय से समिति की संपत्तियों की सुरक्षा के लिए रिसीवर नियुक्त करने की मांग की।
न्यायालय ने दिनांक 07.10.2024 को आदेश देते हुए दोनों पक्षों से रिसीवर नियुक्ति के लिए तीन-तीन नाम प्रस्तावित करने को कहा। वादी पक्ष ने थानाधिकारी नयाशहर, तहसीलदार बीकानेर, और सहकारी समिति के उप रजिस्ट्रार के नाम सुझाए। समिति के निवर्तमान अध्यक्ष महेंद्र कुमार व्यास ने इस आदेश के खिलाफ रिव्यू याचिका दायर की, जिसे सुनवाई के बाद खारिज कर दिया गया। इसके पश्चात, अध्यक्ष पक्ष ने हाईकोर्ट के न्यायाधीश मदन गोपाल व्यास सहित अन्य नाम प्रस्तावित किए। न्यायालय ने सभी नामों पर विचार करने के बाद सहकारी समिति के उप रजिस्ट्रार को रिसीवर नियुक्त करने का निर्णय लिया।





