









बीकानेर Abhayindia.com नहर बंदी समाप्त होने के बावजूद शहर के कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है, जिससे भीषण गर्मी के बीच आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों को बूंद-बूंद पानी के लिए जूझना पड़ रहा है, जबकि संबंधित विभाग द्वारा समस्या के समाधान के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।इसके विरोध में 29 मई को सुबह 10:30 बजे पूर्व मंत्री डॉ. बी. कल्ला और पूर्व जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी यशपाल गहलोत के नेतृत्व में रतन बिहारी पार्क से कचहरी परिसर तक हाथों में खाली मटकियाँ लेकर पैदल मार्च निकाला जाएगा। इसके पश्चात कचहरी परिसर में जिला प्रशासन के समक्ष मटकीया फोड़कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, ताकि प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया जा सके।
कांग्रेस नेता विकास तंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों तथा भीषण गर्मी के दौरान बिजली कंपनी द्वारा मेंटेनेंस के नाम पर की जा रही बिजली कटौती के विरोध में बीकानेर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस नेता यशपाल गहलोत ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी आवाज उठाने की अपील की है, ताकि पानी, बिजली और महंगाई जैसे जनहित के मुद्दों पर प्रशासन और सरकार का ध्यान आकर्षित किया जा सके।


