








बीकानेर Abhayindia.com प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव राजकुमार किराडू ने बुधवार को तकनीकी शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. सुभाष गर्ग से जयपुर में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने तकनीकी विश्वविद्यालय, ईसीबी एवं यूसीईटी के कार्मिकों की समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया।
किराडू ने यूसीईटी की ओर से कार्मिकों की वार्षिक वेतन वृद्धि रोके जाने की भी जानकारी दी, साथ ही नियमानुसार इसे लागू करवाने की मांग की। यूसीईटी के अशैक्षणिक कार्मिकों के पारिश्रमिक में पीएफ की राशि केवल कार्मिक के वेतन से काटे जाने के संबंध में किराडू ने बताया कि यह श्रम कानून का उल्लंघन है।
नियमानुसार पीएफ की राशि की कटौती महाविद्यालय एवं कार्मिक दोनों ओर से होनी चाहिए। किराड़ू का आरोप है कि महाविद्यालय ऐसा नहीं कर रहा है, जो कि अपराध की श्रेणी में आता है। तकनीकी शिक्षा मंत्री ने इस संबंध में मामले की जांच करवाने के निर्देश दिए।
कार्मिकों को मिले नियमित वेतन…
इस दौरान किराडू ने इंजीनियरिंग कॉलेज के कार्मिकों को नियमित वेतन दिलाने, इंजीनियरिंग कॉलेज से निकाले गए 150 कार्मिकों को पुन: नियुक्त करने सहित अन्य समस्याओं के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय से जुड़ी इन समस्याओं के समाधान के लिए लम्बे समय से प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन, जिला प्रशासन, विश्वविद्यालय बोम के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों से कई बार चर्चा की गई है, इन समस्याओं के समाधान के प्रयास भी हुए हैं।
…तो करेंगे सत्याग्रह
किराड़ू ने रोष जताते हुए कह कि प्रयासों के बावजूद अब तक कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है। इससे जनप्रतिनिधियों, कार्मिकों एवं उनके परिजनों में निराशा का माहौल है।
किराड़ू ने अगले सात दिनों में इन सभी मुद्दों का निस्तारण नहीं होने पर शनिवार 26 सितम्बर को गांधी पार्क में एक दिवसीय सांकेतिक सत्याग्रह करने की चेतावनी दी है। इसके बाद सतत सत्याग्रह किया जाएगा। उन्होंने समस्याओं से जुड़ा पत्र मुख्यमंत्री कार्यालय में भी पेश किया।
मंत्री ने दिया आश्वासन…
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने किराडू को बताया कि ईसीबी को सरकारी कॉलेज बनाने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र भेजा गया है, इस संबंध में सकारात्मक चर्चा भी हुई है।
ईसीबी के सरकारी अभियांत्रिकी महाविद्यालय बनने से वेतन सहित अन्य समस्याओं का समाधान हो जाएगा।
इस संबंध में तकनीकी शिक्षा राज्यमंत्री नेे बताया कि सोसायटी एक्ट के अनुसार यूसीईटी के कार्मिकों की प्रतिवर्ष 3 प्रतिशत वृद्धि हो सकती है। इसे लागू करवाने के लिए विश्वविद्यालय को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।


