






जयपुर Abhayindia.com जयपुर में मंगलवार रात भाजपा महिला मोर्चा की ओर से कांग्रेस के खिलाफ आयोजित मशाल जुलूस के दौरान अव्यवस्थाओं का आलम नजर आया। इससे प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने महिला नेत्रियों और कार्यकर्ताओं की क्लास ले डाली। यही नहीं, वे बीच में ही प्रदर्शन छोड़कर अपनी गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए। इस घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा हो रही है।
असल में, भाजपा महिला मोर्चा ‘महिला वंदन बिल’ के विरोध में कांग्रेस के खिलाफ मशाल जुलूस निकाल रही थी। इस दौरान जलती हुई मशालें हाथ में होने के बावजूद कई महिला नेत्री और कार्यकर्ता एक-दूसरे के बेहद करीब आकर सेल्फी खिंचवाने में व्यस्त थीं। इस देखकर मदन राठौड़ बार-बार महिलाओं को एक निश्चित दूरी बनाकर रखने की हिदायत दे रहे थे ताकि कोई बड़ा हादसा न हो जाए। लेकिन, जब बार-बार टोकने के बाद भी कार्यकर्ता व्यवस्थित नहीं हुईं, तो राठौड़ का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने मीडिया के कैमरों के सामने ही कड़े शब्दों में अनुशासन का पाठ पढ़ाया और अव्यवस्था देख हाथ जोड़कर वहां से चलते बने। उनका इस तरह बीच कार्यक्रम से नाराज होकर जाना संगठन के भीतर बढ़ती खींचतान और निर्देशों की अवहेलना की ओर इशारा करता है। बहरहाल, यह माना जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष इस घटनाक्रम की रिपोर्ट महिला मोर्चा की प्रदेश इकाई से मांग सकते हैं।


