






बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास ने मुख्यमंत्री को एक पत्र भेजकर एडवोकेट गोवर्धन सिंह के खिलाफ दर्ज सभी मामलों की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है।
विधायक व्यास ने पत्र बताया कि एडवोकेट गोवर्धन सिंह ने पूर्ववर्ती गहलोत सरकार के भ्रष्टाचार और अपराधों को उजागर किया था, जो कि राजस्थान की सम्पूर्ण जनता के संज्ञान में है। इसके परिणामस्वरूप एडवोकेट गोवर्धन सिंह को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर अनेक झूठे मुकदमों में फंसाकर प्रताड़ित किया गया है। इन मुकदमों की सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए। यह तब तक संभव नहीं है जब तक कि इन प्रकरणों की निष्पक्ष जांच नहीं होती।
विधायक व्यास ने पत्र में कहा है कि राजस्थान सरकार के कुछ बड़े अफसरों की संलिप्तता के कारण स्थानीय एजेंसियों द्वारा निष्पक्ष अन्वेषण की उम्मीद नहीं की जा सकती। बिना सीबीआई अन्वेषण के न्याय की उम्मीद करना व्यर्थ है। यदि समय रहते इन मामलों का सही और निष्पक्ष अन्वेषण नहीं किया गया, तो यह न केवल एडवोकेट गोवर्धन सिंह के साथ अन्याय होगा बल्कि आम जनता के विश्वास को भी ठेस पहुँचेगी।



