






बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर के वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. श्याम अग्रवाल को जान से मारने की धमकी देकर 25 लाख की फिरौती मांगने के मामले में नयाशहर पुलिस ने एक जने को दबोच लिया है। वहीं, दो मुख्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस उनके ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
नयाशहर थानाप्रभारी विक्रम तिवाड़ी के अनुसार, साइबर सेल के एएसआई दीपक यादव के इनपुट पर भवानी को दस्तयाब किया हैं। भवानी प्रकरण का मास्टर माइंड विष्णु का रिश्तेदार है। इस मामले में विष्णु साध, अभिषेक पंवार भी नामजद है। उनकी तलाश की जा रही है।
मामले के अनुसार, परिवादी डॉ.श्याम अग्रवाल ने बताया कि वह मालियों के मोहल्ले में एक शिशु अस्पताल संचालित करते हैं। 24 जुलाई की रात करीब पौने दो बजे विष्णु साध, अभिषेक पंवार सहित कुछ अन्य लोग उनके पास पहुंचे और 25 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। साथ ही हर माह एक लाख रुपये की बंधी देने का दबाव बनाया। ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। अगले दिन दोपहर को आरोपी दोबारा उनके अस्पताल आए और उनके चैंबर में घुसकर दुबारा धमकाया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहीं, धमकी की ऑडियो क्लीप भी डॉक्टर ने रिकॉर्ड कर रखी थी, जिसे उन्होंने पुलिस को सौंप दिया है।


