Hometrendingबीकनेर : पहले चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के...

बीकनेर : पहले चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 22 को, पंच-सरपंच पद के लिए नामांकन 23 को

बीकानेर Abhayindia.com पंचायत राज आम चुनाव के पहले चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के मतदान के लिए मतदान दलों को मतदान केंद्रों और ग्राम पंचायतों के पंच-सरपंच के मतदान के लिए रिटर्निंग अधिकारियों को ग्राम पंचायत आवंटन के लिए तृतीय रेंडमाइजेशन मंगलवार को हुआ। एनआईसी परिसर में हुए रेंडमाइजेशन के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन और पंचायत चुनावों के लिए नियुक्त आब्जर्वर नवनीत कुमार मौजूद रहे।

प्रथम चरण में खाजूवाला, पूगल, छत्तरगढ़ और रुणिया पंचायत समिति क्षेत्र में आने वाले जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों सहित पंच और सरपंचों पदों के लिए निर्वाचन होंगे। इसके लिए मतदान दलों की रवानगी बुधवार (21 अक्टूबर) को प्रातः 7 बजे अंतिम प्रशिक्षण के पश्चात राजकीय डूंगर महाविद्यालय से होगी। प्रत्येक कार्मिक को समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। अन्यथा संबंधित के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

प्रथम चरण में 112 ग्राम पंचायतों के मतदान के लिए कुल 319 मतदान केंद्र मतदान निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक मतदान दल में रिटर्निंग अधिकारी के साथ पीठासीन अधिकारी एवं प्रथम, द्वितीय, तृतीय तथा चतुर्थ मतदान अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

पहले चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 22 अक्टूबर को प्रातः 7 से सायं 6 बजे तक होगा। पंच-सरपंच पद के लिए नामांकन प्रक्रिया 23 अक्टूबर को तथा निर्वाचन 24 अक्टूबर को प्रातः 7 से सायं 6 बजे तक होगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर की जाएगी। 25 अक्टूबर को उप सरपंच का चुनाव होगा। पहले चरण में जिला परिषद के आठ सदस्यों के लिए निर्वाचन होगा।

रेंडमाइजेशन के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू, उपखंड अधिकारी महिमा कसाना, जिला निर्वाचन कार्यालय में विशेषाधिकारी स्वाति शर्मा तथा जिला सूचना विज्ञान अधिकारी संकल्प शर्मा मौजूद रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन और
पर्यवेक्षक नवनीत कुमार ने ली बैठक

जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन और पंचायत राज आम चुनाव के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक नवनीत कुमार ने मंगलवार को निर्वाचन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा बैठक ली।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आवश्यक प्रकोष्ठों का गठन कर प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्ति कर दी गई है। सभी प्रकोष्ठों द्वारा उन्हें आवंटित कार्य किया जा रहे हैं। जिला परिषद के 41 सदस्यों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। पंचायत समिति सदस्यों के पहले और दूसरे चरण के नामांकन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद तीसरे चरण की प्रक्रिया प्रगतिरत है। उन्होंने मतदान दलों की रवानगी सहित समस्त जानकारियां दी।

पर्यवेक्षक नवनीत कुमार ने पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर की गई तैयारियों के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करें। प्रत्येक मतदाता भयमुक्त और निर्बाध मतदान कर सके, इसके लिए कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने मतदान दलों की रवानगी, विशेष योग्यजन मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था, मतदान दलों के प्रशिक्षण, मतदाता जागरूकता गतिविधियों, संवेदनशील मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफी, मीडिया प्रतिनिधियों के प्रवेश पत्र जारी करने सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न प्रकोष्ठों द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में जाना और कहा कि आयोग द्वारा निर्धारित कैलेंडर के अनुसार सभी कार्यवाहियां समयबद्ध हों। साथ ही सटीक और त्वरित रिपोर्टिंग भी सुनिश्चित की जाए।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू ने नियंत्रण कक्ष, कम्युनिकेशन प्लान सहित मतदान दलों के गठन के बारे में बताया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बी.एल. मीना ने मतदान केंद्रों के लिए नियुक्त पुलिस जाब्ते की जानकारी दी। इस दौरान विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।

आचार संहिता की पालना के संबंध
में आमजन कर सकेंगे संपर्क

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से पंचायत राज आम चुनाव-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं मॉनिटरिंग के लिए उपनिवेशन आयुक्त नवनीत कुमार को आब्जर्वर नियुक्त किया गया है। नवनीत कुमार प्रतिदिन प्रातः 10 से 11 बजे तक उपनिवेशन आयुक्त कार्यालय में आचार संहिता की पालना से जुड़ी आमजन की शिकायतों की सुनवाई करेंगे। कार्यालय के दूरभाष नंबर 0151-2226921 हैं।

पर्यवेक्षक समन्वय प्रकोष्ठ प्रभारी ने बताया कि आदर्श आचार संहिता की पालना के संबंध में पर्यवेक्षक के लाइजन आफिसर डॉ. रामकिशोर मेहरा के मोबाइल नम्बर 90015-61078 पर भी सम्पर्क किया जा सकता है।

AdAdAd
- Advertisment -

Most Popular