बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर के सीमावर्ती क्षेत्र खाजूवाला के पास पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप गिराने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सीओ सदर अनुष्का कालिया ने बताया कि पकड़े गये आरोपियों में जलालाबाद पंजाब निवासी 27 वर्षीय करण सिंह बोदला, अबोहर निवासी 33 वर्षीय गुरकीरत सिंह व घड़साना निवासी 28 वर्षीय अवतार सिंह शामिल हैं। अनुसंधान में सामने आया है कि करण सिंह व गुरकीरत सिंह मुख्य आरोपी सोनू उर्फ सुखविन्दर द्वारा संचालित सीमा पार संगठित तस्करी सिंडिकेट के फुट सोल्जर्स के रूप में कार्य कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इससे पहले पुलिस ड्रोन ड्रॉपिंग के मुख्य आरोपी सोनू उर्फ सुखविंदर को गिरफ्तार कर चुकी है। उससे पूछताछ के जरिए पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज है। करण सिंह के विरूद्ध फाजिल्का और फिरोजपुर में एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं। वहीं, गुरकीरत सिंह पूर्व में भी ड्रोन ड्रॉपिंग की घटनाओं में लिप्त रहा है। अवतार सिंह के विरूद्ध भी जैतसर में एनडीपीएस एक्ट व मुकलावा में विद्युत अधिनियम के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं।
आपको बता दें कि 26 फरवरी को खाजूवाला अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बीएसएफ और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई हथियारों की बड़ी खेप बरामद की थी। जब्त सामग्री में मेड इन चाइना पिस्टल और 326 कारतूस शामिल थे। इस कार्रवाई करने वाली टीम में एएसआई बाबूलाल यादव, महावीर सिंह, पेमाराम, जगदीश, कास्टेबल हरफूल की अहम भूमिका रही।













