Sunday, June 21, 2026
Hometrendingबीकानेर (लालगढ़)–अहमदाबाद (साबरमती) एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी, रेल नेटवर्क से जुड़ेंगे...

बीकानेर (लालगढ़)–अहमदाबाद (साबरमती) एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी, रेल नेटवर्क से जुड़ेंगे सीमांत क्षेत्र

AdAdAdAdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा केंद्रीय विधि एवं न्याय एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने रविवार को बीकानेर रेलवे स्टेशन से बीकानेर–लालगढ़–अहमदाबाद (साबरमती) एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ करते हुए ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेल मंत्रालय द्वारा राजस्थान के सीमांत क्षेत्रों को मजबूत रेल नेटवर्क से जोड़ने की महत्वाकांक्षी योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसके तहत बीकानेर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर और बाड़मेर जिलों के अनेक गांवों को रेलवे सुविधा से जोड़ने का प्रकल्प हाथ में लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की डीपीआर बनाने सहित विभिन्न प्रक्रियाएं प्रगति पर हैं।

वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर के 1,300 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। अनेक स्टेशनों का कार्य पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि बीकानेर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए जून माह में पुनः टेंडर जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जैसलमेर सहित विभिन्न रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किए गए हैं, जिनकी देश-विदेश के पर्यटकों द्वारा सराहना की जा रही है।

रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प है। इसे साकार करने में सरकार के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक, युवा, किसान और महिलाओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने क्षेत्र में पूर्ण हो चुके तथा प्रगतिरत रेल दोहरीकरण कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि लालगढ़ से बीकानेर रेलवे स्टेशन तक भी रेल लाइन का दोहरीकरण किया जाएगा। वैष्णव ने नाल से पालना तक रेलवे बाईपास निर्माण की योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके बनने से मालगाड़ियों का शहर के भीतर आवागमन कम होगा, जिससे यातायात सुगम होगा और प्रदूषण में भी कमी आएगी।

वैष्णव ने कहा कि बीकानेर से अमदावाद के लिए नई रेल सेवा प्रारंभ होने के बाद भविष्य में अन्य रेलगाड़ियों के संचालन की भी संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि रेल लाइनों के विद्युतीकरण और आधारभूत ढांचे के विस्तार के कारण आने वाले समय में रेलवे का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए 24 मॉडल कार्गो गति शक्ति टर्मिनल विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें बीकानेर क्षेत्र के आसपास छह कार्गो टर्मिनल शामिल हैं। वर्तमान में राजस्थान में लगभग 76 हजार करोड़ रुपये के रेल विकास कार्य प्रगति पर हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने पर प्रदेश के रेल मानचित्र में व्यापक परिवर्तन देखने को मिलेगा।

रेल मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे के विकास बजट में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। इस वर्ष राजस्थान को रेलवे विकास के लिए 10,228 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। उन्होंने बीकानेर को शौर्य और परंपरा की भूमि बताते हुए यहां की भुजिया और रसगुल्लों का उल्लेख किया तथा इंदिरा गांधी नहर परियोजना के विकास में योगदान देने वाले पूर्व राजपरिवार की सराहना की।

केंद्रीय विधि एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि बीकानेर के लिए यह ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण दिन है। बीकानेर से अहमदाबाद तक शुरू हुई यह रेल सेवा हजारों यात्रियों के लिए लाभदायक सिद्ध होगी। उन्होंने बीकानेर–दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन के लिए रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। मेघवाल ने कहा कि शहर के कोर्ट गेट रेलवे फाटक तथा सांखला रेलवे फाटक जैसी वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है, जिसमें रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का महत्वपूर्ण योगदान है।

इस अवसर पर नई बीकानेर (लालगढ़)–अहमदाबाद (साबरमती) एक्सप्रेस रेल सेवा की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह ट्रेन गुजरात और राजस्थान के बीच सीधा, तेज एवं सुविधाजनक रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी। यह नई एक्सप्रेस पश्चिम भारत के दो प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों को आपस में जोड़ेगी। गुजरात के प्रसिद्ध साबरमती रिवरफ्रंट, मोढेरा सूर्य मंदिर, पाटन की रानी की बाव तथा अहमदाबाद की समृद्ध विरासत और राजस्थान के जूनागढ़ किला, करणी माता मंदिर, लालगढ़ पैलेस तथा बीकानेर की समृद्ध संस्कृति एवं मरुस्थलीय पर्यटन स्थलों तक पहुंच और अधिक सुगम होगी।

नई रेल सेवा गुजरात के अहमदाबाद, महेसाणा, पाटन एवं बनासकांठा जिलों तथा राजस्थान के जालौर, बालोतरा, जोधपुर, नागौर और बीकानेर जिलों के यात्रियों को लाभान्वित करेगी। ट्रेन के प्रमुख ठहराव साबरमती, महेसाणा, पाटन, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालौर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, नागौर, नोखा, बीकानेर एवं लालगढ़ स्टेशन होंगे।

लगभग 740 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस नई रेल सेवा के प्रारंभ होने से बीकानेर और अहमदाबाद के बीच दैनिक रेल संपर्क स्थापित हो गया है। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, पर्यटकों एवं आम यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी। साथ ही दोनों राज्यों के बीच व्यापार, पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान एवं क्षेत्रीय विकास को नई गति प्राप्त होगी।

इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी, खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ, मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल, श्याम पंचारिया, सुमन छाजेड़, चंपालाल गदर सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

AdAdAd
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!