






बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर में पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग को साइबर ठगी से जोड़कर वारदात करने वाली शातिर गैंग का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के अनुसार, यह गैंग खासतौर पर बुजुर्गों को निशाना बनाती थी, उनका मोबाइल छीनती और फिर उसी फोन से बैंक खातों से पैसे उड़ा देती थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को दबोच लिया है।
आईजी ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह और सीओ अनुष्ठा कालिया की निगरानी में टीम सक्रिय रही। सदर थानाधिकारी सुरेंद्र पचार के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज खंगालकर गैंग का भंडाफोड़ किया। दबोचे गए आरोपियों की पहचान वाहिद पुत्र मोहमद अमीन और अनीस अहमद कुरैशी के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मोबाइल छीनने के बाद उसमें एप डाउनलोड करते थे और पीडि़त के बैंक खाते से पैसे ट्रांसफर कर लेते थे। वारदात के बाद सबूत मिटाने के लिए फोन को तोड़ देते और उसका मदरबोर्ड तक बेच देते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी तकनीकी तरीके से ठगी करते थे ताकि आसानी से पकड़ में न आएं। आशंका है कि दोनों कई अन्य वारदातों में भी शामिल रहे हैं। बीकानेर में इस तरह का यह पहला मामला सामने आया है, जिसमें मोबाइल स्नैचिंग के बाद उसी फोन से साइबर ठगी की जा रही थी। इस कार्रवाई में एसआई दीपक यादव, मदन लाल, कांस्टेबल गिरधरदान और मनोज की अहम भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य मामलों की कडिय़ां जोडऩे में जुटी है।


