बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) के अधीन लोडा-मोडा बगेची के पास सरकारी जमीन पर कथित अवैध निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय निवासी किशन लाल पुरोहित ने सक्षम अधिकारियों को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता के अनुसार, जिस जगह को पहले तत्कालीन यूआईटी प्रशासन ने अतिक्रमण मानकर हटाया था, वहीं पर कुछ लोगों ने दोबारा अवैध निर्माण शुरू कर दिया है और आम रास्ते की जमीन को अवरुद्ध किया जा रहा है।
शिकायत में बताया गया कि सिविल न्यायाधीश संख्या 03, बीकानेर ने अपने आदेश दिनांक 29.11.2023 में इस निर्माण को अतिक्रमण मानते हुए संबंधित पक्ष का दावा खारिज कर दिया था। हालांकि, इस आदेश को अपील में चुनौती दी गई है, लेकिन शिकायतकर्ता का कहना है कि फिलहाल उस पर कोई स्थगन आदेश (Stay Order) नहीं है, बावजूद इसके मौके पर निर्माण कार्य जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आम रास्ता बंद होने से आवागमन में परेशानी हो रही है। किशन लाल पुरोहित ने BDA आयुक्त व जिला प्रशासन से मांग की है कि मौके का सर्वे कर अवैध निर्माण को हटाया जाए और सरकारी जमीन व आम रास्ते को अतिक्रमण मुक्त किया जाए।















